अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. कोतवाली क्षेत्र के कुंडा गांव के समीप गुरुवार को गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. दोस्तों के साथ नहाने गए दो किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. साथ मौजूद दोस्तों ने साहस दिखाते हुए एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा किशोर गंगा की तेज धारा में समा गया.

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और रोते-बिलखते लोग मौके पर पहुंच गए. सूचना पर शिवाला चौकी पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई. मृतक की पहचान सतपोखरी गांव निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद सुफियान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सुफियान अपने पांच दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गया था. नहाने के दौरान अचानक वह और एक अन्य किशोर गहरे पानी में चले गए.

इसे भी पढ़ें : ‘सांसद जी हम घर नहीं जाएंगे, घरवाली कह रही, लाइन नहीं चालू करा पा रहे, क्या भाजपा नेता हो?’

दोस्तों ने एक किशोर को किसी तरह बचा लिया, लेकिन सुफियान को नहीं बचाया जा सका. करीब चार घंटे तक चले खोज अभियान के बाद गोताखोरों ने देर शाम किशोर का शव बरामद कर लिया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. शिवाला चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तत्काल खोजबीन शुरू कराई गई थी. किशोर का शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.