अनुज कुमार पांडेय, गोपालगंज। जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सड़क किनारे एक युवक का संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, शव मिलने की सचूना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
श्यामपुर गांव के पास मिला शव, मची सनसनी
मिली जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव के पास स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़े हुए युवक के शव को देखा, जिसकी सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतक के परिजनों में मचा कोहराम
मृतक युवक की पहचान लाल टोला गांव निवासी मंटू सिंह पुत्र विश्वनाथ सिंह के रूप में हुई। वहीं, मंटू सिंह के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते लोग घटनास्थल पर पहुंचे। युवक के संदिग्ध मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के जीजा शंभू नाथ सिंह ने घटना को लेकर मीडिया को बताया कि मंटू सिंह नशे का आदी था और कोई कामकाज नहीं करता था। वह अक्सर बाहर ही रहता था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह सड़क किनारे कैसे पहुंचा, इस बारे में परिवार का कोई भी सदस्य स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कह पा रहा है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहनता से जांच करने की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
महम्मदपुर थाना पुलिस ने बताया कि युवक की मौत किस वजह से हुई इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर किसी चोट या हादसे के निशान हैं या नहीं? इसकी गहनता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। फिलहाल, इस संदिग्ध मौत को लेकर पूरे इलाके में तनाव और रहस्य का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: गोबर फेंकने को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, लोहे की राड से किया हमला

