Bihar Crime: राजधानी पटना में एक बुजुर्ग व्यक्ति की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पूरा मामला पुनपुन थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर गांव का है, जहां गोबर फेंकने को लेकर हुए विवाद में गांव के ही दबंगो ने उनकी लोहे की राड और लीठ-डंडों से पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान बुजुर्ग को काफी गंभीर चोट आई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक किसान की पहचान मुन्द्रिका महतो (60) के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे बुजुर्ग की हत्या के बाद पूरे घटना में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं, दूसरी ओर घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपियों ने बुजुर्ग पर पहले फेंका था गोबर
मिली जानकारी के अनुसार कल शनिवार की शाम गोबर फेंकने को लेकर पूरा विवाद शुरू हुआ था। मृतक की पत्नी ने चमेली देवी ने बताया कि गांव के कुछ दबंग टाइप के लोगों ने पहले उनके पति के ऊपर गोबर फेंक दिया और उनके साथ झगड़ा करना शुरू किया, जिसे लेकर उनके पति और आरोपियों के बीच काहसुनी और गाली-गलौज हुई थी।
घात लगाकर किया लाठी-डंडों से हमला
इस बीच जब वह खेत का काम कर देर शाम अपने घर लौट रहे थे, उसी दौरान गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पहले से मौजूद आरोपियों ने उन्हें घेर और अचानक से उनपर हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की राड और लाठी-डंडे से बुजुर्ग की पिटाई कर दी, बाद में उन्हें अधमरा हालत में छोड़कर वहां से फरार हो गए।
इलाज शुरू होने से पहले बुजुर्ग ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की नजर जब घायल मुन्द्रिका महतो के उपर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना उनके परिवार वालों को दी, जिसके बाद आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि यहां पर जबतक उन्हें परिजन लेकर पहुंचते और उनका इलाज शुरू होता, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
छानबीन में जुटी पुलिस
बुजुर्ग किसान की मौत होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। वहीं, मौके पर घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर एफएसल टीम को बुलाया और घटनास्थल का भी जायजा लिया। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सजा की मांग की है। परिजनों की ओर से मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
वहीं, घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
ये भी पढ़ें- कोचिंग विवाद के बीच जेल में बंद रौशन आनंद के भाई की संदिग्ध हालत में मौत, नेपाल के होटल में मिला शव

