​कुमार इंदर, जबलपुर। शहर के कटंगा स्थित लिटिल वर्ल्ड स्कूल के पास एक कचरा मैदान के पास बोरे में बंद मृत गौवंश (बछड़ा) मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा।

शव करीब दो से तीन दिन पुराना

पुलिस अधिकारी उदय भान ने बताया कि बाउंड्री वॉल के किनारे मिले इस शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेज दिया गया है। शुरुआती जांच और हुलिए को देखकर पुलिस का अनुमान है कि यह शव करीब दो से तीन दिन पुराना है। ​इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे हिंदू धर्म सेना के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।

निष्पक्ष जांच का भरोसा

संगठन के नेताओं का आरोप है कि, आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर का सांप्रदायिक सौहार्द और माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से यह घिनौनी हरकत की गई है। हिंदू धर्म सेना ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में तत्काल और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आक्रोशित कार्यकर्ताओं को शांत कराते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

हीरा राजपूत, नेता हिन्दू संगठन
उदय भान, सीएसपी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m