झज्जर। जिले के छारा गांव में देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। गांव के ही दो युवकों ने सिक्योरिटी ठेकेदार नीरज को जरूरी बातचीत करने के बहाने बहराना रोड पर बुलाया था। नीरज अपने भतीजे मनजीत के साथ वहां पहुंचा, लेकिन कुछ ही देर में बातचीत विवाद में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर नीरज पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
आरोपियों ने नीरज पर चार से पांच राउंड फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब नीरज का भतीजा मनजीत बीच-बचाव करने के लिए आगे बढ़ा, तो उसे भी कंधे में गोली लग गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित किया
परिजनों ने घायलों को तुरंत रोहतक पीजीआई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। मनजीत का इलाज चल रहा है और वह अभी भी अस्पताल में भर्ती है। मृतक नीरज छारा टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी ठेकेदार के रूप में काम करता था।
आसौदा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
वारदात की सूचना मिलते ही आसौदा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद का मामला मान रही है।
आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद से काफी तनाव का माहौल है। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

