अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास/डेहरी। बिहार के रोहतास जिले के डेहरी स्थित बारह पत्थर मोहल्ला (वार्ड नंबर-35) में रविवार सुबह मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां कचरे के ढेर में एक नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
कुत्तों के कारण हुआ खुलासा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह कुछ आवारा कुत्ते कचरे के ढेर को नोच रहे थे। इस दौरान कुत्तों के मुंह में एक प्लास्टिक का थैला था जिसे लेकर वे भागने की कोशिश कर रहे थे। कुछ राहगीरों की नजर जब इस अस्वाभाविक हरकत पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर कुत्तों को खदेड़ दिया। डरकर कुत्ते थैला छोड़कर भाग गए। जब लोगों ने उस लावारिस थैले की जांच की, तो उसमें एक नवजात बच्ची का शव देख सभी सन्न रह गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित और स्तब्ध लोगों ने तुरंत डायल-112 पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और नवजात के शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बड़ा सवाल: कौन है इस घिनौनी करतूत का जिम्मेदार?
यह घटना अब कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि नवजात बच्ची का शव कचरे के ढेर तक कैसे पहुंचा? क्या यह किसी अनचाहे गर्भ का परिणाम है या फिर समाज के डर से किसी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मासूम को दरिंदगी के हवाले कर दिया? फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने की तैयारी में है ताकि इस अमानवीय कृत्य के पीछे के दोषियों को पकड़ा जा सके।
इस दिल दहला देने वाली घटना ने न केवल डेहरी बल्कि पूरे जिले में चर्चा का विषय बना दिया है। लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

