प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती की दूसरी सूची जारी नहीं होने से नाराज प्रदेशभर के अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को कवर्धा जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बस्तर से आए अभ्यर्थियों ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर भर्ती की दूसरी सूची जारी नहीं की गई तो “हथियार उठाना हमारी मजबूरी हो जाएगी और हम नक्सली बनने को मजबूर हो जाएंगे।” इस बयान के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में भी हलचल बढ़ गई है।

पुलिस आरक्षक भर्ती की सेकंड लिस्ट जारी करने और अपनी मांगों को पूरा कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कवर्धा पहुंचे। हाथों में बैनर-पोस्टर और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर अभ्यर्थियों ने जोरदार नारेबाजी की और कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया।

लंबे समय से सेकंड लिस्ट का इंतजार
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से पुलिस आरक्षक भर्ती की दूसरी सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। खासकर बस्तर क्षेत्र के अभ्यर्थियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि क्षेत्र में रोजगार और विकास के पर्याप्त अवसर नहीं हैं और बड़ी संख्या में युवा इस भर्ती की सेकंड लिस्ट का इंतजार कर रहे हैं।

अभ्यर्थी का बड़ा बयान
प्रदर्शन में शामिल नारायणपुर के अभ्यर्थी ने बताया कि 2023-24 में जो भर्ती निकाली गई थी, उसमें पूर्ण रूप से भर्ती नहीं हुई है। इसमें 1600 या 2000 पोस्ट बाकी हैं। यही मांग है कि सेकंड लिस्ट के माध्यम से पूरी पोस्ट भरी जाए। अब देखा जा रहा है कि बस्तर में जितने भी पोस्ट आए थे, उसमें हिस्सा लेने के लिए अधिकतर युवाओं ने अच्छा परफॉर्मेंस दिया था। इसके बावजूद उनका नाम नहीं आ पा रहा है। इसी दौरान अभ्यर्थी ने मांगें पूरी नहीं होने पर कहा कि सेकंड लिस्ट का इंतजार कर रहे युवा अब आक्रोशित हो गए हैं। सेकंड लिस्ट के भरोसे ही थे, अब वे लोग ऐसा कदम उठाना चाह रहे हैं कि नक्सली बनना चाहेंगे, हथियार उठाएंगे, ऐसी मानसिकता वहां की बन रही है ।
पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका
अभ्यर्थियों के कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने की सूचना पर पुलिस ने कार्यालय से पहले बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल प्रदेशभर से पहुंचे अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। अभ्यर्थी सेकंड लिस्ट जल्द जारी करने और उनकी मांगों पर सरकार से ठोस निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं। वहीं, हथियार उठाने और नक्सली बनने से जुड़े बयान सामने आने के बाद प्रदर्शन ने गंभीर रूप ले लिया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

