दिल्ली के धर्मपुरा इलाके में महज 800 रुपये के मेहनताना को लेकर ऐसा विवाद हुआ, जिसने हिंसक रूप ले लिया। फैक्ट्री में काम करने वाले एक नाबालिग ने अपने साथी के साथ मिलकर फैक्ट्री मालिक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मालिक को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, 21 मई दोपहर करीब 12:30 बजे धर्मपुरा क्षेत्र से फैक्ट्री मालिक पर हमले की सूचना मिली थी। घायल 35 वर्षीय कारोबारी को तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूछताछ में पीड़ित ने बताया कि हमला दो नाबालिग लड़कों ने किया, जिनमें से एक ने उसकी फैक्ट्री में एक दिन काम किया था।

जांच के दौरान सामने आया कि नाबालिग अपने 800 रुपये मेहनताना मांग रहा था, लेकिन पैसे न मिलने पर वह गुस्से से भर गया। इसी नाराजगी में उसने अपने साथी के साथ मिलकर फैक्ट्री मालिक पर चाकू से हमला कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधी नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया। थानाध्यक्ष राजकुमार की अगुवाई में बनी टीम ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से दोनों नाबालिगों को हरिद्वार के हर की पौड़ी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि मेहनताना न मिलने की वजह से उन्होंने गुस्से में हमला किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m