Delhi Cab Driver Murder Case: दिल्ली कैब ड्राइवर मर्डर केस में दिल्ली पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने कैब चालक की हत्या की वारदात को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए यह खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन लोगों को पकड़ा है। जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
दरअसल 23 जुलाई को रोड नंबर-57, मेट्रो पिलर नंबर-90, कृष्णा नगर के पास एक कार में चालक के लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ मिला था। उसे हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। मृतक की पहचान 4 विजय कुमार, निवासी वेस्ट विनोद नगर के रूप में हुई। इस संबंध में कृष्णा नगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया किजांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल काल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपितों की पहचान न्यू सीलमपुर क्षेत्र में हुई। इसके बाद लगातार छापामारी कर अयान (20), निवासी न्यू सीलमपुर, साहिल (19), निवासी के ब्लॉक, न्यू सीलमपुर और एक 17 वर्षीय बाल नाबालिग को पकड़ा गया।
कैब चालक को लूटने की साजिश रची, चाकू से ताबड़तोड़ वार किए
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि अयान की जाफराबाद के कुछ युवकों से रंजिश थी। इसी कारण उसने अमन कुरैशी से चाकू मंगवाया। 23 जुलाई को चारों ने साथ बैठकर शराब पी और आसान पैसे कमाने के लिए किसी कैब चालक को लूटने की साजिश रची। अमन ने अयान के मोबाइल फोन से रैपिडो कैब बुक कराई। चारों कैब में सवार हुए और चित्रा विहार रेड लाइट के पास चालक विजय कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद वे कार लेकर भाग निकले, लेकिन लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर वाहन को ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए।
मुख्य आरोपी पर लूट और झपटमारी के चार मामले दर्ज
मुख्य आरोपी अयान पहले भी लूट और झपटमारी के चार मामलों में शामिल रहा है, जबकि साहिल के खिलाफ पहले से झपटमारी का एक मामला दर्ज है। चौथे आरोपी अमन कुरैशी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


