राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में स्थित एक फाइव-स्टार होटल की पार्किंग में 4 अक्टूबर को नागालैंड की एक महिला और उसके दोस्तों के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत के अनुसार, वह होटल की पार्किंग में खड़ी थी, तभी तीन लोग कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ बदसलूकी की और उसे जबरन खींचकर अपनी कार में बैठाने की कोशिश की। महिला के दोस्तों ने जब बीच-बचाव कर उसे बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

महिला ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए शिकायत में कहा कि वह नॉर्थ-ईस्ट के नगालैंड की रहने वाली है और घटना के बाद खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। शिकायत में महिला ने घटना को कथित तौर पर हत्या और अपहरण के प्रयास के रूप में बताया है।

मर्सिडीज कार से आए थे आरोपी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना रविवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे चाणक्यपुरी स्थित एक फाइव-स्टार होटल के पार्किंग क्षेत्र में हुई। शिकायत के मुताबिक, नगालैंड की रहने वाली महिला अपने दोस्तों के साथ होटल पहुंची थी। इसी दौरान सफेद मर्सिडीज कार में सवार तीन लोग वहां आए और उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने महिला को जबरन खींचकर अपनी कार में बैठाने का प्रयास किया।

हॉकी स्टिक और लोहे की छड़ों से हमला करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, महिला के दोस्तों ने जब आरोपियों का विरोध किया और उसे बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने कथित तौर पर हॉकी स्टिक और लोहे की छड़ों से उन पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, आयुष, उद्भव और समर्थ ने महिला को आरोपियों से छुड़ाने का प्रयास किया, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी अपनी कार लेकर फरार हो गए। हालांकि, शिकायतकर्ता ने आरोपी कार का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस ने चाणक्यपुरी थाने में दर्ज किया मुकदमा

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों की पहचान दिव्यांशु, गौरव और मोहित के रूप में हुई है। उनके खिलाफ चाणक्यपुरी थाने में मामला दर्ज किया गया है। महिला को मेडिकल जांच के लिए आरएमएल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज के साथ ही मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने खिलाफ लगाए गए कुछ आरोपों से इनकार किया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m