गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। रविवार, 1 नवंबर को गांव खांडसा के पास हाईवे पर तीन अलग-अलग बार ट्रैफिक रोका जाएगा। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस दौरान प्रत्येक बार करीब 15 से 20 मिनट तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। पुलिस ने यात्रियों को असुविधा से बचने के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है।
क्यों रोका जा रहा है ट्रैफिक?
दरअसल, 66 केवी एससी हरसरू-सेक्टर-35-बादशाहपुर ट्रांसमिशन लाइन गांव खांडसा के पास हाईवे को क्रॉस करती है। बीते 18 जुलाई को इसका कंडक्टर टूटने की वजह से हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। भविष्य में ऐसी किसी भी घटना या दुर्घटना को रोकने के लिए एचवीपीएनएल (HVPNL) द्वारा पुराने कंडक्टर को नए एचटीएलएस (HTLS) कंडक्टर से बदला जा रहा है। इसी जरूरी तकनीकी काम के दौरान रविवार को दोपहर के समय तीन बार ट्रैफिक को रोकने या डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया है।
वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक पुलिस की सलाह
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे अपने गंतव्य के लिए निकलते समय अतिरिक्त समय लेकर चलें और खांडसा कट पर पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। जाम की स्थिति से बचने के लिए चालक सर्विस लेन या एसपीआर (SPR) रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस दौरान प्राथमिकता दी जाएगी ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

