दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर उत्साहित महिलाओं ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) को राखी बांधकर अपना आभार व्यक्त किया। राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधते हुए योजना के प्रति खुशी जताई और इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह रक्षा सूत्र केवल एक परंपरा का प्रतीक नहीं, बल्कि दिल्ली की बहनों के विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह रक्षा सूत्र दिल्ली की बहनों का विश्वास है। इस विश्वास को हम कायम रखेंगे। हमने जो वादा किया था, उसे पूरा किया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को लक्ष्मी योजना का पोर्टल लॉन्च किया गया था और अब तक 4.5 लाख से अधिक महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि योजना की आवेदन प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाएं इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकार ने 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की महिलाओं के लिए सरकार जो कर रही है, वह किसी प्रकार का उपकार नहीं, बल्कि उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने लगातार प्रयास किए हैं और लक्ष्मी योजना उसी संकल्प का हिस्सा है। रेखा गुप्ता ने कहा, “मैं यह समझती हूं कि दिल्ली की बहनों के लिए जो हमने किया है, वह उनका अधिकार था। महिलाओं के सम्मान की यह लड़ाई प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने लड़ी है। मुझे यह सौभाग्य मिला है कि मैं उन्हें उनका हक दिलाने का काम कर रही हूं।” मुख्यमंत्री ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली की सभी बहनों को विश्वास दिलाना चाहती हूं कि उनकी यह मुख्यमंत्री बहन हमेशा उनके साथ रहेगी।” उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार नई योजनाएं और पहल लागू कर रही है।

महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बांधा रक्षा सूत्र

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता को इस तरह तैयार किया गया है कि महिलाओं को तत्काल उपयोग और भविष्य की बचत, दोनों का लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत दी जाने वाली राशि का एक हिस्सा महिलाओं के डिजिटल वॉलेट में भेजा जाएगा, जिससे वे अपने दैनिक खर्चों की पूर्ति कर सकेंगी, जबकि शेष राशि फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में सुरक्षित रहेगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और बचत की आदत विकसित करने में मदद करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह रक्षा सूत्र मेरी दिल्ली की बहनों के विश्वास का प्रतीक है। यह विश्वास सरकार और मुझ पर है और मैं इस विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरूंगी।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

विपक्ष के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री का पलटवार

दिल्ली विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग में कथित 650 करोड़ रुपये के दवा घोटाले को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किसी आगामी चुनाव को ध्यान में रखे बिना जनता से किए गए बड़े वादे को पूरा करने का साहसिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है और सरकार ने अपने वादे के अनुरूप इसे लागू किया है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राज्यों में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादे लंबे समय तक किए जाते रहे, लेकिन उन्हें लागू करने में वर्षों लग गए।

रेखा गुप्ता ने कहा, “पंजाब में 5 वर्षों तक बहनों को आर्थिक सहायता देने की बात कही जाती रही और चुनाव से कुछ समय पहले ही योजना लागू की गई। वहां भी केवल एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। मैं समझती हूं कि हमारे विपक्ष के भाई इस फैसले से काफी परेशान हैं, लेकिन यह कदम जनता के हित में है। उन्हें इसका विरोध करने के बजाय महिलाओं के हित में सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राजनीतिक लाभ नहीं, बल्कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना है। उन्होंने दावा किया कि लक्ष्मी योजना से लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा और इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। कैग रिपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा, “सदन में कैग रिपोर्ट भी रखी गई है और विभिन्न विधेयक भी प्रस्तुत किए गए हैं। इन सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी और तथ्य जनता के सामने आएंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विधानसभा में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सभी सवालों का जवाब दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m