मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन से पहले दिल्ली सरकार(Delhi Government) ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर 9 और 10 अक्टूबर को शराब की दुकानें (Delhi Liquor Shops) बंद रखने का निर्देश दिया है। प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) होटलों, गेस्ट हाउसों, हॉस्टलों और अन्य अस्थायी ठहरने की जगहों पर जांच कर रही है। इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डे के आसपास और बसों की बुकिंग पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि दिल्ली आने वाले समूहों की आवाजाही के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

आबकारी विभाग ने जारी किया आदेश
दिल्ली के आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों को 9 और 10 अक्टूबर को बंद रखने का आदेश जारी किया है। विभाग के मुताबिक, दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर एहतियाती कदम के तौर पर यह फैसला लिया गया है। आदेश के तहत संबंधित लाइसेंस श्रेणियों के अंतर्गत आने वाली खुदरा शराब की दुकानें दोनों दिन पूरी तरह बंद रहेंगी। आबकारी विभाग के आदेश के अनुसार, एल-6, एल-6ए, एल-6एफजी, एल-8, एल-10, एल-14 और संबंधित लाइसेंस श्रेणियों के तहत संचालित दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच फैसला
शराब की दुकानों को बंद रखने का यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने वाली है। इसके अलावा, विपक्षी दल भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
दिल्ली में 20 हजार से ज्यादा जवान तैनात
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि राजधानी में 20 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है।
संसद मार्ग थाने में दी गई प्रदर्शन की सूचना
CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने बुधवार को 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के संबंध में संसद मार्ग थाने में औपचारिक सूचना दी थी। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाली है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस ने लोगों से किसी भी अनधिकृत जमावड़े में शामिल होने से बचने की अपील की है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क
प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है। इससे पहले पुलिस ने होटलों, गेस्ट हाउसों, हॉस्टलों और अन्य अस्थायी ठहरने की जगहों पर भी जांच शुरू की थी। इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों और बसों की बुकिंग के माध्यम से दिल्ली आने वाले समूहों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

