अगर आप दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) से सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले मेट्रो की ताजा एडवाइजरी जरूर देख लें। विपक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) तक मार्च निकालने के ऐलान के चलते राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इसके मद्देनजर राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट समेत दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास की सुविधा बंद रहने की सूचना है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। मेट्रो स्टेशनों के अलावा राजधानी के कुछ प्रमुख मार्गों पर भी प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना है। ऐसे में सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को भी परेशानी हो सकती है।

दिल्ली मेट्रो के 6 स्टेशनों पर सुबह 6 से शाम 4 बजे तक एंट्री-एग्जिट बंद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी है कि सुरक्षा कारणों से 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक दिल्ली के छह मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास के गेट बंद रहेंगे। यह फैसला राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। DMRC के मुताबिक, निर्धारित समय के बाद सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी। इसके बाद हालात के अनुसार आगे की जानकारी साझा की जाएगी। हालांकि, यात्रियों को राहत देते हुए इन सभी छह मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों के जरिए मेट्रो लाइन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन में प्रवेश करने और बाहर निकलने की सुविधा बंद रहेगी।

इन 6 मेट्रो स्टेशनों पर बंद रहेगी एंट्री-एग्जिट

1. पटेल चौक

2. जनपथ

3. राजीव चौक

4. मंडी हाउस

5. सेंट्रल सेक्रेटेरिएट

6. बाराखंभा रोड

दिल्ली में इन रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका

दिल्ली में 12 अक्टूबर को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राजधानी के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, नई दिल्ली के कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही धीमी रहने और जरूरत के अनुसार यातायात प्रतिबंध लगाए जाने की आशंका है। ऐसे में लोगों को यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी जाती है।

इन प्रमुख मार्गों पर पड़ सकता है असर

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, शंकर रोड गोलचक्कर, वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, पंचकुइयां गोलचक्कर और मंडी हाउस गोलचक्कर के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-पॉइंट), राम चरण अग्रवाल चौक (ए-पॉइंट), मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और गुरु नानक चौक पर भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। चेम्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल टी-पॉइंट, भैरों रोड एमजीएम (रिंग रोड) टी-पॉइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोलचक्कर, मदरसा टी-पॉइंट और सम्राट होटल गोलचक्कर के आसपास भी यातायात प्रभावित रहने की आशंका है।

नई दिल्ली के इन इलाकों में भी रहें सतर्क

एडवाइजरी में सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग चौराहा, भीकाजी कामा प्लेस के नीचे, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे और रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग टी-पॉइंट को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा अशोक रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर, विंडसर पैलेस गोलचक्कर, टॉल्स्टॉय-जनपथ चौराहा और रेल भवन गोलचक्कर के आसपास भी आवाजाही प्रभावित हो सकती है। वहीं, जय सिंह रोड-संसद मार्ग चौराहा, कनॉट प्लेस-बाराखंबा रोड आउटर सर्कल टी-पॉइंट, गोल डाक खाना गोलचक्कर, पटेल चौक गोलचक्कर, जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-पॉइंट, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर और कनॉट प्लेस-संसद मार्ग आउटर सर्कल टी-पॉइंट पर भी यातायात संबंधी परेशानी होने की आशंका जताई गई है।

घर से निकलने से पहले रखें इन बातों का ध्यान

दिल्ली में इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक पुलिस की ताजा एडवाइजरी की जानकारी लें। संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय रखें। सुरक्षा व्यवस्था और मौके की स्थिति के अनुसार यातायात प्रबंधन में बदलाव किया जा सकता है।

रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्री रखें अतिरिक्त समय

दिल्ली में यातायात प्रतिबंधों की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक, नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली से होकर इन स्थानों तक जाने वाले लोग अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें, ताकि ट्रैफिक जाम के कारण उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी न होने पर यात्रा करने से बचें। साथ ही, यातायात की मौजूदा स्थिति के अनुसार प्रतिबंधों में बदलाव भी किया जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों और यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक पुलिस की ताजा एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

इंडिया गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च, राहुल गांधी ने किया ऐलान

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन जारी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को विपक्षी दलों, नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और युवाओं के साथ सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। इस मार्च के जरिए विपक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाने और अपनी मांगों को शीर्ष अदालत तक पहुंचाने की तैयारी में है। मार्च के बाद एक प्रतिनिधिमंडल भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को ज्ञापन सौंपने की योजना बना रहा है। इसमें कथित वोट चोरी पर रोक लगाने, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर रोक लगाने जैसी मांगें शामिल होंगी। शुरुआत में इस मार्च में पहले की तरह विपक्षी दलों के सांसदों और नेताओं के शामिल होने की योजना थी। हालांकि, कांग्रेस ने बाद में इसका दायरा बढ़ाने का फैसला किया। इसके तहत नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और युवाओं को भी मार्च में शामिल करने की बात कही गई है।

CJI सूर्यकांत ने विपक्षी नेताओं से मिलने से किया इनकार

इस बीच, भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की ओर से लिखे गए पत्र के जवाब में उनसे मुलाकात करने से इनकार कर दिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। सूत्र के मुताबिक, विपक्षी नेताओं के पत्र का जवाब सीजेआई की ओर से उनके आधिकारिक ईमेल पर भेज दिया गया है। ऐसे में अब विपक्ष की ओर से मार्च के जरिए अपनी मांगों को सामने रखने की योजना पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m