दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया गया है। DMRC ने रेड लाइन पर स्थित मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन को लेकर एडवाइजरी जारी की है। DMRC के अनुसार, मधुबन चौक स्टेशन पर गेट नंबर-2 और लिफ्ट नंबर-3 (आर क्यूब मॉल की ओर) को 1 मई से 15 मई 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। यह निर्णय लाइन-1 (रेड लाइन) और लाइन-8 (मेजेंटा लाइन) के बीच चल रहे कनेक्टिविटी निर्माण कार्य के चलते लिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए DMRC ने सलाह दी है कि वे स्टेशन पर आने-जाने के लिए गेट नंबर 1, 3 और 4 तथा लिफ्ट नंबर-4 का उपयोग करें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि पीक ऑवर्स के दौरान यात्रा करने वाले यात्री अतिरिक्त समय लेकर चलें। DMRC के अनुसार, वैकल्पिक गेटों के उपयोग के कारण मधुबन चौक स्टेशन पर भीड़ बढ़ सकती है, इसलिए यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए 5 से 10 मिनट का अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है।यह व्यवस्था रेड लाइन पर स्थित मधुबन चौक स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण की गई है, जहां कुछ गेट और लिफ्ट अस्थायी रूप से बंद किए गए हैं। इसी बीच, दिल्ली मेट्रो के फेज-IV के तहत नेटवर्क विस्तार का काम भी जारी है। इसके अंतर्गत Red Line (Delhi Metro) (रिठाला–शहीद स्थल) और Magenta Line (Delhi Metro) (जनकपुरी पश्चिम–बोटेनिकल गार्डन) के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।

29 अप्रैल को भी दिया था अपडेट

DMRC ने 29 अप्रैल को अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर जानकारी दी कि मैजेंटा लाइन पर कालकाजी मंदिर और बॉटनिकल गार्डन स्टेशनों के बीच ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे संचालन में देरी देखी गई। हालांकि, कुछ ही समय बाद DMRC ने एक और अपडेट जारी करते हुए बताया कि तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया गया है और इस सेक्शन पर मेट्रो सेवाएं फिर से सामान्य रूप से बहाल कर दी गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान यात्रियों को अस्थायी असुविधा हुई, लेकिन स्थिति को तेजी से नियंत्रित कर लिया गया।

19 अप्रैल को इस लाइन पर सेवा प्रभावित थी

दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर 19 अप्रैल की सुबह निर्धारित ट्रैक रखरखाव कार्य के चलते सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। DMRC के अनुसार, यह मेंटेनेंस कार्य ब्लू लाइन पर इंद्रप्रस्थ और सुप्रीम कोर्ट स्टेशनों के बीच किया गया, जिसके कारण सुबह के समय मेट्रो संचालन में थोड़ी देरी देखी गई। इस अस्थायी प्रभाव के चलते अन्य लाइनों, विशेषकर लाइन 3 और लाइन 4 के संचालन पर भी हल्का असर पड़ा और कुछ ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हुई। हालांकि DMRC ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए द्वारका से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी, द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली की ओर जाने वाली पहली ट्रेनों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया।

80 फीसदी काम पूरा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 12 अप्रैल को जानकारी दी थी कि DMRC के फेज-IV प्रोजेक्ट का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने यह बात डीएमआरसी अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद कही थी। इस बैठक में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के विस्तार और नई लाइनों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों के अनुसार, फेज-IV के तहत कई महत्वपूर्ण कॉरिडोरों का निर्माण चल रहा है, जिनके दिसंबर 2026 तक चालू होने की संभावना है। इन कॉरिडोरों के शुरू होने से राजधानी में मेट्रो नेटवर्क और मजबूत होगा और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m