Delhi Metro Magenta Line Extension: दिल्ली मेट्रो कनेक्टिविटी और बेहतर होने वाली है। दिल्ली मेट्रो मैजेंटा लाइन का विस्तार करने जा रही है। मैजेंटा लाइन बाटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक करीब 89 किलोमीटर नेटवर्क लंबा हो जाएगा। विस्तार पूरा होने के बाद केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली, आजादपुर और इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन तीन-तीन लाइनों के इंटरचेंज हब बन जाएंगे। इससे यात्रियों को एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन पर जाने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी डीएमआरसी (DMRC) के एक अधिकारी के मुताबिक, केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर मैजेंटा लाइन का जुड़ाव मौजूदा येलो और वायलेट लाइन से होगा। जबकि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर मैजेंटा लाइन येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से जुड़ेगी। इन दोनों स्टेशनों पर यात्री तीन अलग-अलग मेट्रो लाइनों के बीच आसानी से ट्रेन बदल सकेंगे।

मैजेंटा लाइन का विस्तार पूरा होने के बाद बाटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक इसका नेटवर्क करीब 89 किलोमीटर लंबा हो जाएगा। इस पूरे कॉरिडोर पर कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें 40 स्टेशन भूमिगत बनाए जाएंगे। फिलहाल मैजेंटा लाइन पर चार इंटरचेंज स्टेशन हैं। इसके विस्तार के लिए दो प्रमुख कॉरिडोर की योजना बनाई गई है। रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा के रास्ते बनने वाले कॉरिडोर को फेज-वीए के तहत मंजूरी दी जा चुकी है। वहीं, इंद्रप्रस्थ से इंद्रलोक तक का प्रस्तावित कॉरिडोर पहले फेज-चार के तहत बनाया जाना था। अब इसे मैजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में विकसित किया जाएगा।
चार स्टेशन बनेंगे ट्रिपल इंटरचेंज हब
मैजेंटा लाइन का विस्तार होने के बाद केंद्रीय सचिवालय और नई दिल्ली के अलावा आजादपुर तथा इंद्रलोक स्टेशन भी तीन मेट्रो लाइनों के इंटरचेंज हब बन जाएंगे। फिलहाल कश्मीरी गेट दिल्ली मेट्रो का ऐसा स्टेशन है, जहां रेड, येलो और वायलेट लाइन के बीच ट्रेन बदलने की सुविधा उपलब्ध है। विस्तार के बाद इस तरह के इंटरचेंज विकल्पों का दायरा और बढ़ जाएगा। इसके अलावा कॉरिडोर के 17 अन्य स्टेशनों पर भी इंटरचेंज की सुविधा प्रस्तावित है।
हैदरपुर बादली मोड़ पर सबसे ऊंचा रेल स्तर, हौज खास सबसे गहरा स्टेशन
मैजेंटा लाइन के विस्तार में दिल्ली मेट्रो की दो प्रमुख इंजीनियरिंग विशेषताएं भी देखने को मिलेंगी। हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशन के एक पियर पर रेल स्तर की ऊंचाई करीब 28.36 मीटर होगी। वहीं, हौज खास मेट्रो स्टेशन करीब 29 मीटर की गहराई पर स्थित है। इसे दिल्ली मेट्रो का सबसे गहरा भूमिगत स्टेशन माना जा रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में 416 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क
डीएमआरसी के मुताबिक फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई करीब 416 किलोमीटर है। इस नेटवर्क में कुल 303 स्टेशन शामिल हैं। मैजेंटा लाइन का प्रस्तावित विस्तार मेट्रो नेटवर्क को और व्यापक बनाएगा।
SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

