Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (20 जुलाई 2026) की खबरों में CJP के प्रदर्शन के बीच बढ़ी सियासी हलचल, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का ऐलान, ‘हर घर तिरंगा’अभियान, शिक्षा पर चर्चा के बजाए छात्रों पर लाठी क्यों?, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने घोषित की नई टीम प्रमुख रहा।

CJP के प्रदर्शन के बीच बढ़ी सियासी हलचल
संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का ‘चलो संसद’ मार्च संसद भवन के निकट पहुंच गया। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा घेरा मजबूत किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी बीच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से मिलने पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस मुलाकात के एजेंडे को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का ऐलान, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) से पहले दिल्ली सरकार ने ‘हर घर तिरंगा-2026′(Har Ghar Tiranga’ campaign) अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष अभियान में स्वयं सहायता समूहों (Self Help Groups – SHG) को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार ने फैसला किया है कि अभियान के लिए करीब दो लाख राष्ट्रीय ध्वज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तैयार कराए जाएंगे। दिल्ली सरकार के अनुसार, SHG की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए इन तिरंगों का उपयोग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य एक ओर स्वतंत्रता दिवस के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है, वहीं दूसरी ओर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराना भी है।
शिक्षा पर चर्चा के बजाए छात्रों पर लाठी क्यों?
शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में छात्रों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को तेज हो गया। संसद मार्च के दौरान पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना क्षेत्र के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी दागे। इसके बावजूद छात्र अपनी मांगों पर डटे रहे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने घोषित की नई टीम
भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सोमवार को अपनी नई संगठनात्मक टीम का ऐलान कर दिया। उन्होंने पार्टी के नए पदाधिकारियों और अग्रिम संगठनों के प्रमुखों के नामों की घोषणा की। हर्ष मल्होत्रा ने जारी बयान में कहा कि सभी नियुक्तियां पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व से आवश्यक सलाह-मशविरे के बाद की गई हैं। उन्होंने बताया कि नई टीम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी मिलने के बाद अंतिम रूप दिया गया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, नई टीम का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत करना, पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करना और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति देना है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
AISA के 3 छात्र कार्यकर्ताओं ने खत्म की भूख हड़ताल: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के तीन छात्र कार्यकर्ताओं ने आखिरकार अपना अनशन समाप्त करने का फैसला किया है। विपक्षी सांसदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कई प्रमुख हस्तियों के एक प्रतिनिधिमंडल की अपील के बाद नेहा, आमीन और मनीष ने सोमवार को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी। (पढ़े पूरी खबर)
अभी तक नहीं मिला ठोस आश्वासन: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद CJP (कन्फेडरेशन ऑफ जॉइंट फोरम/संबंधित संगठन) के प्रतिनिधि सौरभ दास ने कहा कि बैठक सकारात्मक माहौल में हुई और मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि इस मुद्दे पर उचित स्तर पर बातचीत की जाएगी, ताकि समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सके। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली पुलिस का CJP समर्थकों पर लाठी चार्ज, जंतर-मंतर से हटाया: जंतर-मंतर पर सोमवार सुबह कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव बढ़ गया, जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़कर संसद की ओर बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल खाली कराते हुए मंच और टेंट हटवा दिए तथा भीड़ को तितर-बितर कर दिया। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली लक्ष्मी योजना पर बड़ा अपडेट: दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली ₹2,500 की मासिक सहायता राशि के उपयोग को लेकर नई व्यवस्था बनाई गई है। इसके अनुसार, लाभार्थी महिलाओं को हर महीने मिलने वाली राशि में से केवल ₹1,000 निकालने की अनुमति होगी, जबकि शेष ₹1,500 अनिवार्य रूप से आवर्ती जमा (Recurring Deposit-RD) खाते में जमा किए जाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य लाभार्थी महिलाओं में नियमित बचत की आदत विकसित करना और उनकी दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करना है। आरडी खाते में जमा होने वाली राशि समय के साथ एक बड़ी बचत के रूप में उपलब्ध होगी, जिससे महिलाएं भविष्य की जरूरतों के लिए आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकेंगी। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


