दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (08 मई 2026) की खबरों में कालिंदी कुंज में यमुना किनारे बनेगा भव्य छठ घाट, दिल्ली सरकार का नया प्लान,‘Aadhaar Vault’ में सुरक्षित रहेगा डेटा, दिल्ली को दहलाने की ISI की साजिश नाकाम, शशि थरूर ने ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का किया रुख, दिल्ली को केंद्र से मिलेगी 7,000 करोड़ की आर्थिक मदद प्रमुख रहा।

कालिंदी कुंज में यमुना किनारे बनेगा भव्य छठ घाट

राजधानी दिल्ली में छठ पर्व की तैयारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। यमुना किनारे कालिंदी कुंज क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य छठ घाट बनाया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और यमुना तट पर होने वाले धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित रूप देना है। यह घाट उत्तर प्रदेश के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा तैयार किया जाएगा, जबकि इसके निर्माण की पूरी लागत दिल्ली सरकार वहन करेगी। इस परियोजना के साथ-साथ यमुना नदी में दिखाई देने वाले झाग और प्रदूषण को कम करने के लिए भी विशेष कदम उठाए जाएंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली सरकार का नया प्लान,‘Aadhaar Vault’ में सुरक्षित रहेगा डेटा

दिल्ली सरकार आधार से जुड़े नागरिक डेटा की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी विभागों में “आधार वॉल्ट” सिस्टम लागू करने की योजना पर काम कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य संवेदनशील पहचान जानकारी को सुरक्षित तरीके से संग्रहित करना और गोपनीयता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है। सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग ने यह सिस्टम पहले ही लागू करना शुरू कर दिया है। यह व्यवस्था भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की गाइडलाइंस के अनुरूप विकसित की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस सिस्टम के जरिए आधार डेटा को एन्क्रिप्टेड रूप में सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार के डेटा लीक या पहचान के दुरुपयोग के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली को दहलाने की ISI की साजिश नाकाम

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की गिरफ्त में आए पाकिस्तान समर्थित ‘शहजाद भट्टी मॉड्यूल’ से जुड़े आरोपियों ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, आतंकियों के निशाने पर दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर और हरियाणा स्थित एक सैन्य कैंप था। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां अब इस मॉड्यूल के नेटवर्क, फंडिंग और संभावित सहयोगियों की गहन जांच कर रही हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

शशि थरूर ने ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का किया रुख

शशि थरूर ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों (Personality Rights) की सुरक्षा को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अदालत में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि उनके नाम, तस्वीर, आवाज और सार्वजनिक पहचान का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। थरूर ने अपनी याचिका में कई प्रतिवादियों के खिलाफ राहत मांगी है, जिनमें कुछ अज्ञात लोग भी शामिल हैं। कानूनी भाषा में ऐसे अज्ञात पक्षों को “जॉन डो डिफेंडेंट” कहा जाता है। मामले की सुनवाई जस्टिस मिनी पुष्करणा की अदालत में 8 मई को होने वाली है। याचिका में थरूर ने अपने व्यक्तित्व और पहचान के अनधिकृत उपयोग पर रोक लगाने की मांग की है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली को केंद्र से मिलेगी 7,000 करोड़ की आर्थिक मदद

देश की राजधानी दिल्ली के विकास कार्यों को जल्द बड़ी आर्थिक मजबूती मिल सकती है। दिल्ली सरकार को चालू वित्त वर्ष में केंद्र सरकार से करीब 7,000 करोड़ रुपये का फंड मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस वित्तीय सहायता का उपयोग राजधानी में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार और पर्यावरण से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने के लिए किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस फंड से सड़क, जल निकासी, स्वच्छता, परिवहन और हरित विकास जैसे क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

निजी स्कूल में नर्सरी की बच्ची से रेप: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक निजी स्कूल से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले ने सनसनी फैला दी है। यहां एक तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना जनकपुरी स्थित एक निजी स्कूल में सामने आई, जहां स्कूल के एक केयरटेकर पर यह आरोप लगाया गया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में सबसे ज्यादा आत्महत्या के मामले: देश की राजधानी दिल्ली को लेकर चिंताजनक रिपोर्ट  सामने आई है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में देश के 53 बड़े शहरों में सबसे अधिक आत्महत्या के मामले दिल्ली में दर्ज किए गए। एनसीआरबी डेटा के मुताबिक, 2024 में दिल्ली में कुल 2,905 लोगों ने आत्महत्या की। इस सूची में बेंगलुरु दूसरे स्थान पर रहा, जहां 2,403 आत्महत्या के मामले दर्ज हुए, जबकि मुंबई 1,404 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इन आंकड़ों ने राजधानी में बढ़ते मानसिक दबाव, सामाजिक तनाव, आर्थिक चुनौतियों और अकेलेपन जैसे मुद्दों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि महानगरों की तेज रफ्तार जिंदगी, प्रतिस्पर्धा, पारिवारिक तनाव और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की कमी भी इस स्थिति के पीछे बड़ी वजह हो सकती है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली की जेलों में क्षमता से दोगुने कैदी: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की 2024 की रिपोर्ट में दिल्ली की जेलों को लेकर एक गंभीर स्थिति सामने आई है। राजधानी की जेलें देश में सबसे अधिक भीड़भाड़ वाली जेलों में शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली की जेलों में क्षमता से लगभग दोगुने कैदी रखे जा रहे हैं। यानी जिस स्थान पर एक कैदी की व्यवस्था होनी चाहिए, वहां औसतन दो कैदी रखे जा रहे हैं। इससे जेलों में बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधन और कैदियों के जीवन-स्तर पर दबाव बढ़ता दिख रहा है। (पढ़े पूरी खबर)

पहले मॉडल पोस्ट ऑफिस का उद्घाटन: देश की राजधानी दिल्ली के नेहरू प्लेस में गुरुवार को भारत सरकार के डाक विभाग के आधुनिक स्वरूप वाले नए डाकघर का उद्घाटन किया गया। इस अत्याधुनिक डाकघर का लोकार्पण केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) ने किया। इस अवसर पर रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) और केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. चन्द्रशेखर पेम्मासानी भी मौजूद रहे। (पढ़े पूरी खबर)

सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान: दिल्ली के सरकारी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है। शिक्षा विभाग के अनुसार, सभी सरकारी स्कूलों में 11 मई से समर वेकेशन शुरू हो जाएंगी। हालांकि, 9वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा के उन छात्रों को छुट्टियों के दौरान भी स्कूल आना होगा, जो पढ़ाई में कमजोर हैं या किसी विषय में अतिरिक्त मदद की जरूरत महसूस कर रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m