दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (9 जून 2026) की खबरों में यमुना पुनर्जीवीकरण परियोजना के लिए तय होगी समय-सीमा, AAP नेता संजीव अरोड़ा से जुड़े मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, जिमखाना-पोलो क्लब की जमीन पर केंद्र को दिल्ली हाई कोर्ट की फटकार, दिल्ली की सड़कें होंगी हाईटेक प्रमुख रहा।

यमुना पुनर्जीवीकरण परियोजना के लिए तय होगी समय-सीमा

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने दिल्ली में यमुना पुनर्जीवीकरण परियोजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छ और निर्मल यमुना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारों का साझा संकल्प है और इसे जल्द पूरा करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को एकीकृत कार्ययोजना के तहत काम करना होगा। बैठक में यमुना नदी की सफाई, प्रदूषण नियंत्रण, सीवेज प्रबंधन और नदी के समग्र पुनर्जीवीकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अमित शाह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हो सकें।

पढ़े पूरी खबर…..

AAP नेता संजीव अरोड़ा से जुड़े मामले में ED की बड़ी कार्रवाई

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) से जुड़े एक मामले में ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-NCR समेत देश के कई शहरों में छापेमारी की है। जांच एजेंसी की टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग यानी अवैध धन के लेन-देन और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में की गई है। ED की टीमों ने दिल्ली, नोएडा सहित 4 राज्यों के विभिन्न शहरों में मौजूद कई परिसरों और संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों तथा इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच की।

पढ़े पूरी खबर…..

जिमखाना-पोलो क्लब की जमीन पर केंद्र को दिल्ली हाई कोर्ट की फटकार

दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने राजधानी में स्थित जिमखाना क्लब (Gymkhana Club), इंडियन पोलो क्लब(Indian Polo Club) और दिल्ली रेस क्लब(Delhi Race Club) की जमीन को अपने कब्जे में लेने की केंद्र सरकार की प्रस्तावित योजना पर कड़ी टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि दिल्ली पहले से ही गंभीर प्रदूषण और हरित क्षेत्र की कमी से जूझ रही है, ऐसे में बची हुई हरियाली को भी सरकारी नियंत्रण में लेने की कोशिश चिंताजनक है। मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की पीठ ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि जब राजधानी में पर्यावरणीय चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं, तब खुले और हरित क्षेत्रों के संरक्षण को प्राथमिकता क्यों नहीं दी जा रही है। अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि दिल्ली का दम प्रदूषण के कारण पहले ही घुट रहा है और शहर में हरित क्षेत्र लगातार कम होते जा रहे हैं। ऐसे में जो हरियाली बची हुई है, उसे भी अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश की जा रही है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली की सड़कें होंगी हाईटेक

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सोमवार को राजधानी की सड़कों के रखरखाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अब सड़कों के रखरखाव और मरम्मत के लिए डेटा और आधुनिक तकनीक का सहारा लेगी। इसके साथ ही राजधानी को धूल-मुक्त बनाने की दिशा में भी व्यापक योजना पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शहर की सड़कों के बेहतर प्रबंधन के लिए विशेषज्ञ संस्थाओं के सहयोग से ‘सड़क परिसंपत्ति प्रबंधन प्रणाली’ (Road Asset Management System) विकसित कर रही है। इस प्रणाली के माध्यम से सड़कों की स्थिति का वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा और मरम्मत तथा रखरखाव से जुड़े फैसले डेटा आधारित होंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

भारत में नेटवर्क बना रहा था PAK का गैंगस्टर शहजाद भट्टी: नई दिल्ली। पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी (Shahzad Bhatti) कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए भारत में अपना नेटवर्क तैयार कर रहा था। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (Delhi Police Special Cell) ने 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों आरोपी पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर के संपर्क में थे और उसके लिए काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, तीनों नाबालिग पहले ऑनलाइन गेमिंग के दौरान पंजाब के एक युवक के संपर्क में आए थे। गेमिंग के जरिए शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे गहरी होती गई और बाद में उस युवक ने उन्हें शहजाद भट्टी से जोड़ दिया। इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के माध्यम से तीनों लगातार गैंगस्टर के संपर्क में बने रहे। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली एयरपोर्ट बनेगा वैश्विक ट्रांजिट हब: नई दिल्ली। देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Indira Gandhi International Airport) को वैश्विक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। यात्रियों और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट पर कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिनमें टर्मिनलों के बीच ऑटोमेटेड एयर ट्रेन चलाने की योजना भी शामिल है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना और एयरपोर्ट पर यात्रा अनुभव को अधिक सुविधाजनक बनाना है। ऑटोमेटेड एयर ट्रेन (Automated Air Train) शुरू होने के बाद यात्रियों को एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल तक पहुंचने में कम समय लगेगा और ट्रांजिट यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)

LG की अध्यक्षता में DDMA बैठक: राजधानी में आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू (Taranjit Singh Sandhu) ने की। बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta), मंत्री आशीष सूद (Ashish Sood) और प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान राजधानी में फायर सेफ्टी व्यवस्था, अवैध निर्माण, हीट वेव एक्शन प्लान और आगामी मानसून को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में हाल के दिनों में सामने आए अग्निकांडों और सुरक्षा संबंधी घटनाओं को देखते हुए फायर सेफ्टी मानकों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। (पढ़े पूरी खबर)

650 करोड़ के कथित घोटाले की जांच ACB को सौंपी: दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में दवाओं और मेडिकल उपकरणों (Medical equipment) की खरीद से जुड़े एक बड़े वित्तीय अनियमितता के मामले का खुलासा हुआ है। यह मामला दिल्ली सरकार की सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें 650 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं। सूत्रों के अनुसार, दवाओं और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर अब इस मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को सौंप दी गई है। (पढ़े पूरी खबर)

अरबाज ने कैंची से हमला कर कृष्ण को मार डालाः दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके में एक कपड़ा सिलाई फैक्टरी में हुए सनसनीखेज हत्या के मामले ने इलाके में दहशत फैला दी है। घटना में एक युवक ने अपने ही साथी कर्मचारी की कैंची से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, फैक्टरी में काम करने वाले अरबाज नामक युवक ने अपने सहकर्मी कृष्ण कुमार पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और फैक्टरी में काम कर रहे अन्य कर्मचारी दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज होने के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m