Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (25 जुलाई 2026) की खबरों में सीजेपी प्रदर्शन खत्म होने के बाद दिल्ली मेट्रो के सभी बंद स्टेशन खुले; कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने दिए अहम निर्देश; दिल्ली में शराब की दुकानों के खुलने-बंद होने का समय बदला; प्रधान के इस्तीफे पर केजरीवाल की प्रतिक्रिया प्रमुख रहा।

1. सीजेपी प्रदर्शन खत्म होने के बाद दिल्ली मेट्रो के सभी बंद स्टेशन खुले
नई दिल्ली में जंतर-मंतर के पास चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच बंद किए गए दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों को अब आम लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक प्रदर्शन स्थल से हटकर अपने-अपने घर लौट जाएं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की ओर से भी पुष्टि की गई है कि सभी मेट्रो स्टेशन सामान्य यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं।

2. कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने दिए अहम निर्देश
सावन माह में हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर दिल्ली पहुंचने वाले शिवभक्त कांवड़ियों ( Kanwariya) के स्वागत और उनकी सुविधाओं के लिए दिल्ली सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और श्रद्धापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

3. दिल्ली में शराब की दुकानों के खुलने-बंद होने का समय बदला
राजधानी दिल्ली में इस वीकेंड शराब खरीदने वाले लोगों को निर्धारित समय से पहले ही अपनी खरीदारी करनी होगी। आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों के संचालन समय में दो घंटे की कटौती करते हुए उन्हें रात 8 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। सूत्रों के अनुसार, यह व्यवस्था फिलहाल इस सप्ताह के अंत तक लागू रहेगी। सामान्य परिस्थितियों में दिल्ली में शराब की दुकानें रात 10 बजे तक खुली रहती हैं।

4. प्रधान के इस्तीफे पर केजरीवाल की प्रतिक्रिया
जंतर-मंतर पर 34 दिनों से जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे छात्रों के संघर्ष की जीत बताया। केजरीवाल ने कहा कि NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग को लेकर छात्र और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका शांतिपूर्ण संघर्ष रंग लाया है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
जंतर-मंतर पर पथराव, लाठीचार्जः नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradha) के इस्तीफा नहीं देने को लेकर आज कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी ने देशव्यापी प्रदर्शन बुलाया है। दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर से पुलिस और प्रदर्शनकारियों का रणक्षेत्र बन गया है। जंतर-मंतर से सटे टॉलस्टॉय मार्ग पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच एक बार फिर झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव (Stone pelting at Jantar Mantar) किया। प्रदर्शनकारियों के पथराव में कई पुलिसकर्मियों के सिर फूट गए। (पूरी खबर पढ़े)
शिक्षकों की SIR ड्यूटी पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्तः दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) कार्य के लिए स्कूल शिक्षकों की तैनाती को लेकर चुनाव आयोग (ECI) से कड़े सवाल पूछे हैं। सुनवाई के दौरान अदालत ने पूछा कि आखिर प्रदेश के शिक्षकों को इस काम में क्यों लगाया गया, जबकि उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी छात्रों को पढ़ाना है। चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की खंडपीठ ने चुनाव आयोग से पूछा कि क्या वह संविधान के अनुच्छेद 324 का हवाला देकर अपनी मर्जी से कोई भी निर्णय ले सकता है। (पूरी खबर पढ़े)
जंतर-मंतर आंदोलन के आसपास 5 दिन में 400 अपराधी दिखेः दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि जंतर-मंतर (Jantar-Mantar) पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध-प्रदर्शन स्थल के आसपास 20 से 24 जुलाई के बीच करीब 400 अपराधियों की मौजूदगी दर्ज की गई। सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब इन लोगों की गतिविधियों और आवाजाही की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि 20 जुलाई को नई दिल्ली में हुए संसद मार्च, तोड़-फोड़ और हिंसा की घटनाओं में इन लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं। (पूरी खबर पढ़े)
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


