Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (29 सितंबर 2026) की खबरों में दिल्ली को मिला बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर, दिल्ली पुलिस का एक्शन, FCRA केस में गृह मंत्रालय के दो अधिकारी गिरफ्तार, मारपीट मामले में सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह समेत AAP नेताओं पर FIR, ‘एनर्जी ड्रिंक’ लेबल विवाद में Red Bull को राहत प्रमुख रहा।

दिल्ली को मिला बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर

दिल्ली में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को इस कॉरिडोर को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं। इस परियोजना के शुरू होने से मयूर विहार फेज-1, सराय काले खां और दक्षिणी दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। खासतौर पर नोएडा और पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकता है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली पुलिस का एक्शन, FCRA केस में गृह मंत्रालय के दो अधिकारी गिरफ्तार

गृह मंत्रालय से मिली जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 28 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में दो सरकारी अधिकारियों को पकड़ा। पकड़े गए अधिकारियों में एक सीनियर अकाउंटेंट और दूसरा अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने एक एसोसिएशन से संपर्क किया और उसके लंबित FCRA (Foreign Contribution Regulation Act) रजिस्ट्रेशन को कराने के बदले कथित तौर पर अवैध तरीके से रिश्वत की मांग की।

पढ़े पूरी खबर…..

मारपीट मामले में सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह समेत AAP नेताओं पर FIR

दिल्ली के तिलक नगर में राजनीतिक दौरे के दौरान हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल से कथित मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह और पार्टी के कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

पढ़े पूरी खबर…..

‘एनर्जी ड्रिंक’ लेबल विवाद में Red Bull को राहत

दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने Red Bull को बड़ी राहत देते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें कंपनी को अपने उत्पाद पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ शब्द का इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया गया था। अदालत ने कहा कि FSSAI ने यह आदेश जारी करने से पहले कंपनी को अपना पक्ष रखने का उचित अवसर नहीं दिया। कोर्ट के मुताबिक, किसी कंपनी के खिलाफ इस तरह का आदेश पारित करने से पहले उसे अपनी बात रखने और संबंधित मुद्दे पर स्पष्टीकरण देने का पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए। मामले में Red Bull की ओर से FSSAI के आदेश को चुनौती दी गई थी।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

थप्पड़ विवाद के बीच प्रवेश वर्मा का अरविंद केजरीवाल पर पलटवार: दिल्ली के तिलक नगर में हुए थप्पड़ कांड को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी (BJP) के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) को घटना को लेकर निशाने पर लिया जा रहा है। पार्टी नेताओं की ओर से मंत्री की गिरफ्तारी की मांग भी की जा रही है। इस बीच प्रवेश वर्मा ने भी पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हमलों पर पलटवार किया है। उन्होंने पंजाब में सामने आ रही घटनाओं को लेकर अरविंद केजरीवाल से सवाल किया है। (पढ़े पूरी खबर)

फेसबुक-इंस्टा बैन के सवाल पर भड़के अभिजीत दीपके: नाबालिगों के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल पर संभावित प्रतिबंध को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके (Abhijit Deepak) ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) की ओर से उठाए गए सवाल और केंद्र सरकार के रुख पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ‘जेन अल्फा को चुप करने की कोशिश’ बताया। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार से इस पहलू पर विचार करने को कहा कि नाबालिग सोशल मीडिया कंपनियों के साथ किसी तरह का कॉन्ट्रैक्ट करके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल न कर सकें। अदालत की यह टिप्पणी बच्चों और किशोरों की सोशल मीडिया तक पहुंच को लेकर चल रही बहस के बीच आई है। (पढ़े पूरी खबर)

NIA कोर्ट का बड़ा फैसला: ‘वॉयस ऑफ हिंद’ आतंकी साजिश मामले में दिल्ली के राउज एवेन्यू स्थित NIA की विशेष अदालत ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS के 4 सदस्यों को 5 से 6 साल तक के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने चारों दोषियों पर कुल 99 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। NIA के विशेष न्यायाधीश विकास ढुल की अदालत ने यह सजा सुनाई। जांच एजेंसी के मुताबिक, चारों आरोपियों ने करीब 5 साल हिरासत में रहने के बाद आरोप तय किए जाने के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में SIR नोटिस वाले वोटर्स के घर जाएंगे BLO: दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के तहत ‘विसंगतियों’ के संबंध में नोटिस पाने वाले मतदाताओं के लिए अब बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर पहुंचेंगे। BLO संबंधित मतदाताओं से जरूरी दस्तावेज एकत्र करेंगे, ताकि उनके रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा सके। एसआईआर के दौरान मतदाता सूची और उपलब्ध पुराने रिकॉर्ड के मिलान में कई तरह की विसंगतियां सामने आई हैं। ऐसे मामलों में संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है। अब निर्वाचन अधिकारियों ने दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क करने की व्यवस्था की है। (पढ़े पूरी खबर)

केजरीवाल का पीएम मोदी पर हमला: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर निशाना साधते हुए भाई-भतीजावाद को लेकर सवाल उठाए। केजरीवाल ने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि एक नया और अलग चेहरा सामने आया है, जिसके साथ नई ऊर्जा है और जो देश में बदलाव लाएगा। केजरीवाल ने कहा कि एक समय लोगों को लगता था कि प्रधानमंत्री मोदी के आगे-पीछे कोई नहीं है, इसलिए वे भाई-भतीजावाद को खत्म करेंगे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों की उम्मीद थी कि वे देश के लिए काम करेंगे और किसी परिवार या रिश्तेदार के हित में फैसले नहीं लेंगे। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में प्रदूषण पर सरकार सख्त: सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने शीतकालीन कार्ययोजना 2026-27 के तहत तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार ने प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निवारक उपायों, सख्त प्रवर्तन, तकनीक आधारित निगरानी और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में सरकार की रणनीति प्रदूषण बढ़ने का इंतजार करने के बजाय पहले से तैयारी और रोकथाम पर आधारित है। इसके तहत प्रदूषण के संभावित स्रोतों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m