Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (13 जून 2026) की खबरों में संजय सिंह का PM मोदी पर तीखा हमला; दिल्ली के अग्निकांडों पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा कदम; दिल्लीवासियों को महंगी बिजली का लगेगा करंट; दिल्ली के ‘मनहूस’ 33 शाम नाथ मार्ग का बदलेगा इतिहास प्रमुख रहा।

1. संजय सिंह का PM मोदी पर तीखा हमला
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने पीएम मोदी (Narendra Modi) पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “शर्म प्रूफ” करार दिया है। संजय सिंह ने कहा कि जिस तरह साउंड प्रूफ और वाटर प्रूफ होता है, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी भी अब “शर्म प्रूफ” हो गए हैं और उन्हें किसी भी बात पर शर्म महसूस नहीं होती। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि एपस्टिन फाइल्स को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बना हुआ है, और इसी के चलते प्रधानमंत्री अपने कथित “दोस्त” अडानी को बचाने की कोशिश में हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण प्रधानमंत्री इस हद तक “डरपोक” हो गए हैं कि तीन भारतीयों की मौत के मामले में भी अमेरिका के खिलाफ कोई सख्त बयान नहीं दे रहे हैं।

2. अग्निकांडों पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा कदम
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक विशेष और भावुक कार्यक्रम में मालवीय नगर (हौजरानी) में हुए भीषण अग्निकांड और साकेत (सैदुलाजाब) में इमारत ढहने की दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन नागरिकों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बचावकर्मियों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना राहत और बचाव कार्यों में अहम भूमिका निभाई। उन्हें 21,000 रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

3. दिल्लीवासियों को महंगी बिजली का लगेगा करंट
दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं के लिए आने वाले समय में बिजली बिल थोड़ा और महंगा हो सकता है। दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग (DERC) ने बिजली वितरण कंपनियों को सरचार्ज बढ़ाने की अनुमति दे दी है, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं के मासिक बिल पर पड़ेगा। जानकारी के अनुसार, यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से बिजली खरीद लागत (Power Purchase Cost) में आए उतार-चढ़ाव की भरपाई के लिए की गई है। सरचार्ज में बदलाव के बाद बिजली की मूल दरों में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन अतिरिक्त शुल्क बढ़ने से कुल बिल की राशि में इजाफा देखने को मिल सकता है।

4. दिल्ली के ‘मनहूस’ 33 शाम नाथ मार्ग का बदलेगा इतिहास
दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में वर्षों से चर्चा का विषय रहे 33 शाम नाथ मार्ग की पहचान अब बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री आवास के तौर पर चुने गए इस बंगले को दिल्ली सरकार जल्द ही ध्वस्त कर इसके स्थान पर एक नया प्रशासनिक केंद्र बनाने की तैयारी कर रही है। लंबे समय से वीरान पड़े इस बंगले की जगह अब दिल्ली का पहला समर्पित दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) मुख्यालय बनाया जाएगा। सिविल लाइंस इलाके में स्थित यह बंगला लंबे समय तक दिल्ली की सत्ता से जुड़ा रहा है। हालांकि, समय के साथ यह पता राजनीतिक गलियारों में कथित तौर पर ‘मनहूस’ माने जाने लगा और कई वर्षों तक खाली पड़ा रहा। अब दिल्ली सरकार इस पुरानी छवि को बदलते हुए इसे आधुनिक आपदा प्रबंधन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली में नेत्रहीन महिला से हैवानियत : राजधानी दिल्ली के पूर्वी जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। मयूर विहार थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी इलाके में एक नेत्रहीन और मानसिक रूप से कमजोर बुजुर्ग महिला पर कथित तौर पर बेरहमी से हमला किया गया। आरोप है कि आरोपी ने महिला को ईंट से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। (पूरी खबर पढ़े)
दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहावना: दिल्ली-NCR में शुक्रवार को रुक-रुक कर हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण सुहावना हो गया। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसमी सिस्टम के प्रभाव से क्षेत्र में मौसम तेजी से बदलता दिखा। कई जगहों पर दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होती रही, जिससे उमस और गर्मी दोनों कम हो गईं। (पूरी खबर पढ़े)
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

