दिल्ली-NCR में शुक्रवार को रुक-रुक कर हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण सुहावना हो गया। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसमी सिस्टम के प्रभाव से क्षेत्र में मौसम तेजी से बदलता दिखा। कई जगहों पर दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होती रही, जिससे उमस और गर्मी दोनों कम हो गईं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और मध्य पाकिस्तान व दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बने मौसमीय दबाव के कारण यह स्थिति बनी है।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे कुछ इलाकों में अस्थायी परेशानी भी हो सकती है। वहीं, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में मामूली गिरावट और मौसम में ठंडक बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है, क्योंकि मौजूदा सक्रिय मौसमी प्रणाली का असर कमजोर पड़ने लगेगा। IMD ने अनुमान जताया है कि 16 से 18 जून के बीच राजधानी में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक आने वाले हफ्ते में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, हालांकि 14 और 16 जून को दोपहर और शाम के समय कहीं-कहीं आंधी-तूफान की स्थिति बनने की संभावना भी बनी हुई है।
बारिश और तेज हवाओं ने दी लोगों को गर्मी से राहत
दिल्ली के अधिकांश इलाकों में गुरुवार की मध्य रात्रि के बाद आए आंधी-तूफान और बारिश ने भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी है। इसके असर से दिन और रात दोनों के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक नीचे दर्ज किया गया, जिससे मौसम काफी सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति शनिवार को भी बनी रह सकती है, जिसके चलते ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं आयानगर में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के अनुसार सफदरजंग में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान 11.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का क्या अनुमान
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ‘स्काईमेट’ में मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में बताया कि शनिवार को दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश, धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले दिन भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। पलावत के अनुसार तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के साथ कुछ असहजता महसूस हो सकती है, जबकि वातावरण में आर्द्रता का स्तर भी बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों के बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान फिर से बढ़ना शुरू हो जाएगा।
बरिश से सुधरी दिल्ली की हवा
दिल्ली में हुई बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 74 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। एक दिन पहले यह 73 था, जिससे हवा की गुणवत्ता लगभग स्थिर बनी रही। बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदूषक कणों में कमी आई, जिससे लोगों को साफ हवा का अनुभव मिला। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार, AQI 0 से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। फिलहाल दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में बनी हुई है, हालांकि मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में इसमें उतार-चढ़ाव की संभावना जताई जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

