Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (22 सितंबर 2026) की खबरों में दिल्ली SIR मामले में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब, CDSCO की जांच में 220 दवाएं फेल, दिल्ली पुलिस पर सौरभ भारद्वाज का हमला, दिल्ली की पार्किंग व्यवस्था होगी स्मार्ट प्रमुख रहा।

दिल्ली SIR मामले में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से जवाब मांगा है। याचिका में ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ के आधार पर मतदाताओं को जारी किए जा रहे नोटिस की प्रक्रिया और उसमें दी जा रही जानकारी पर सवाल उठाए गए हैं। मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी। याचिका में कहा गया है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस भेजे गए हैं, लेकिन उन्हें यह स्पष्ट रूप से नहीं बताया जा रहा कि उनके रिकॉर्ड में किस तरह की विसंगति पाई गई है और उन्हें किस बात का स्पष्टीकरण देना है। याचिकाकर्ताओं ने ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ की श्रेणी में मतदाताओं को शामिल करने के आधार और प्रक्रिया को स्पष्ट करने की मांग की है।

CDSCO की जांच में 220 दवाएं फेल
सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) की नियमित निगरानी के दौरान अगस्त 2026 में 221 दवाओं के सैंपल तय गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें 220 सैंपल NSQ (Not Standard Quality) पाए गए, जबकि दिल्ली में दवा का एक सैंपल नकली (Spurious) मिला।CDSCO की रिपोर्ट के मुताबिक, गुणवत्ता जांच में फेल हुए सैंपलों में से 29 सैंपल सेंट्रल ड्रग्स टेस्टिंग लैबोरेटरीज में फेल पाए गए। वहीं, 191 सैंपल राज्य ड्रग्स टेस्टिंग लैबोरेटरीज में जांच के दौरान मानकों पर खरे नहीं उतरे।

दिल्ली पुलिस पर सौरभ भारद्वाज का हमला
राजधानी दिल्ली में दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं के लिए सीधे तौर पर पुलिस जिम्मेदार है। AAP नेता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि किसी लड़की से छेड़छाड़ की शिकायत मिलने के बाद पुलिस कई बार तब तक मुकदमा दर्ज नहीं करती, जब तक मामला दुष्कर्म तक नहीं पहुंच जाता। उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर पर ही शिकायतों पर कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ सख्ती जरूरी है, ताकि गंभीर अपराधों को रोका जा सके।

दिल्ली की पार्किंग व्यवस्था होगी स्मार्ट
राजधानी दिल्ली में पार्किंग व्यवस्था को अब तकनीक से जोड़ने की तैयारी है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) अपने क्षेत्र में इंटेलिजेंट इंटीग्रेटेड पार्किंग सिस्टम लागू करने जा रही है। सोमवार को हुई NDMC की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। नई व्यवस्था के जरिए पार्किंग प्रबंधन को तकनीक आधारित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। इसका उद्देश्य पार्किंग व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करना और वाहन चालकों के लिए सुविधा बढ़ाना है। सोमवार को हुई NDMC की बैठक में पार्किंग व्यवस्था के अलावा कई अन्य विकास योजनाओं को भी स्वीकृति दी गई।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
रोहिणी जेल में विचाराधीन कैदी प्रमोद की हत्या: दिल्ली की रोहिणी जेल में सोमवार को एक विचाराधीन कैदी (Undertrial prisoner) की हत्या से हड़कंप मच गया। आर्म्स एक्ट (Arms Act) के मामले में जेल में बंद प्रमोद पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल प्रमोद को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। (पढ़े पूरी खबर)
करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर 40 दिन रहेगा प्रभावित: पश्चिमी दिल्ली में करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर से सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसे पूरा करने के लिए 40 दिन की समयसीमा तय की है। मरम्मत कार्य के चलते करमपुरा शिवदास पुरी रोड से कीर्ति नगर रोड (होते हुए शादीपुर की ओर जाने वाले स्ट्रेच पर यातायात प्रभावित रहेगा। इससे इस मार्ग पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यातायात व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों से इस रूट से बचने और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से गैंगरेप: दिल्ली में कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर किशोरी और उसके दोस्त को धमकाया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने एक दोस्त के साथ पार्क में बैठी थी। इसी दौरान तीनों आरोपी वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद उन्होंने किशोरी को कथित तौर पर अपने निशाने पर लिया और उसके साथ गैंगरेप किया। (पढ़े पूरी खबर)
DUSU में निर्दलीय जीते दीपांशु शौकीन की Gen-Z के लिए 4 मांगें: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन (Deepanshu Shaukeen) ने पदभार संभालने के बाद छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रियता शुरू कर दी है। सोमवार को उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों की चार प्रमुख मांगों को लेकर डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) को एक औपचारिक पत्र सौंपा। दीपांशु शौकीन ने पत्र के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने छात्रों की समस्याओं और उनकी मांगों को रखा। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में 2.25 लाख घरों को मुफ्त सोलर पैनल: दिल्ली सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘पीएम सूर्य घर योजना’ (PM Surya Ghar Yojana) के तहत ‘दिल्ली सोलर पोर्टल’ लॉन्च किया। इस पोर्टल के जरिए दिल्ली के बिजली उपभोक्ता अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार 3 किलोवाट तक क्षमता वाले सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च वहन करेगी। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



