मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित जंतर-मंतर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए जाने की तैयारी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 11 हजार से अधिक पैरामिलिट्री जवानों को विभिन्न राज्यों से बुलाए जाने की तैयारी है। इनमें जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में तैनात जवानों को भी दिल्ली लाए जाने की जानकारी सामने आई है।

जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों पर विशेष नजर

CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से देशभर से समर्थकों के दिल्ली पहुंचने की अपील की जा रही है। इसे देखते हुए जंतर-मंतर, नई दिल्ली और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर पहले ही सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। रिपोर्टों के अनुसार, प्रदर्शन से पहले संदिग्ध गतिविधियों और संभावित भीड़ को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है।

पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ से जवान दिल्ली बुलाए जा रहे

रिपोर्ट के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के मद्देनजर CRPF के करीब 12,000 जवानों को पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ से एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया जा रहा है। अधिकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान भारी भीड़ जुटने की आशंका है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस स्तर पर सुरक्षा बलों की तैनाती इससे पहले 2023 के G20 समिट के दौरान भी की गई थी।

8 से 12 अक्टूबर तक CAPF की 110 कंपनियां तैनात

रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 8 से 12 अक्टूबर तक दिल्ली में CAPF की 110 कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी है। एक CAPF कंपनी में 120-130 जवानों की स्वीकृत संख्या होती है, हालांकि आम तौर पर इनमें से करीब 75-80 जवानों को तैनात किया जाता है। यह अतिरिक्त बल राजधानी में पहले से तैनात 111 कंपनियों के करीब 15,000 CAPF जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा। CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त बलों की तैनाती के साथ भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

पांच महिला कंपनियों की भी तैनाती

नाम न बताने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में कम से कम पांच विशेष महिला कंपनियां भी तैनात की जाएंगी। इसकी वजह प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की आशंका बताई गई है। अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली के हालात को देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती की अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, अतिरिक्त तैनात की जाने वाली कंपनियों में 85 कंपनियां CRPF की होंगी। इसके अलावा गुरुवार से ITBP की सात, SSB की 10 और CISF की एक कंपनी दिल्ली भेजी जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m