मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को कांग्रेस के नेतृत्व में शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी देखने को मिली। प्रदर्शन के बाद एक पुलिसकर्मी का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। अंकित कसाना नाम के कॉन्स्टेबल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोट आई है। वीडियो में पुलिसकर्मी रोते हुए नजर आ रहे हैं।
अंकित कसाना ने क्या लगाया आरोप
दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल अंकित कसाना ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें गंभीर चोट आई है। कसाना का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान किसी ने उनके हाथ में दांत से काट लिया, जिससे हाथ में गहरा घाव हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अंकित कसाना अपना दर्द बताते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि जब कहीं कोई घटना होती है तो लोग पुलिस को कॉल करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर पुलिसकर्मियों के साथ इसी तरह की घटनाएं होती रहेंगी तो कौन अपने बच्चों को पुलिस की नौकरी में भेजना चाहेगा।
नाखून मारने और वर्दी फाड़ने का भी आरोप
मारपीट के तुरंत बाद का बताया जा रहा अंकित कसाना का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें वह आरोप लगा रहे हैं कि प्रदर्शन स्थल पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान किसी ने उन्हें दांत से काटा और नाखून भी मारा। कॉन्स्टेबल ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने मिलकर उनकी वर्दी फाड़ दी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
लिंचिंग की कोशिश का भी लगाया आरोप
अंकित कसाना ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। उन्हें आगे ले जाने के दौरान कथित तौर पर भीड़ ने उन्हें घेर लिया। कसाना के मुताबिक, करीब 30-40 लोगों की भीड़ ने उन्हें पीछे खींचने की कोशिश की और इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई। कॉन्स्टेबल का आरोप है कि इसी दौरान उनके शरीर पर नाखून और दांत से चोटें आईं। उन्होंने इस घटना को अपनी जान पर हमले और लिंचिंग की कोशिश बताया है।
‘राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए उन्हें निकालना चाहते थे’
अंकित कसाना ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस टीम राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंतित थी और उन्हें भीड़ के बीच से सुरक्षित जगह पर निकालना चाहती थी। उनके मुताबिक, इसी दौरान राहुल गांधी समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर आगे ले जाने की कार्रवाई की जा रही थी। कसाना का आरोप है कि इसी दौरान उन पर हमला किया गया और उनके साथ मारपीट हुई। उन्होंने दावा किया कि इस घटना में उनकी गर्दन, छाती और शरीर के कई अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
DCP ने संभाला, अपनी कार से भेजा अस्पताल
घटना के बाद घायल कॉन्स्टेबल को DCP नई दिल्ली सचिन शर्मा और साथी पुलिसकर्मियों ने संभाला। सामने आए वीडियो में DCP घायल और भावुक अंकित कसाना को शांत कराते और गले लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्हें DCP की कार से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान कसाना ने कहा कि घटना के बाद वह काफी डरे हुए हैं। उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। साथ ही उन्होंने सरकार और दिल्ली पुलिस से पुलिसकर्मियों की सुरक्षा पर ध्यान देने की अपील की।
पुलिस वीडियो की कर रही जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट से जुड़े कई वीडियो सामने आए हैं। दिल्ली पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने समेत BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। हा
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान हुआ हंगामा
बुधवार को जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे कांग्रेस और विपक्षी नेताओं को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसके बाद मौके पर प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू हो गई। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों और प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को बसों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर पहुंचाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। इसी बीच कुछ पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट के वीडियो भी सामने आए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

