दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हाथ कामयाबी लगी है। स्पेशल सेल की टीम ने कुख्यात जितेंद्र गोगी गैंग के एक शार्प शूटर सचिन चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश सचिन चौधरी एक कुख्यात हिस्ट्री शीटर है जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि, सचिन दिल्ली के करावल नगर थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में घोषित अपराधी था। इसके अलावा हरियाणा के पानीपत जिले के इसराना थाने में दर्ज दंगा, गैरकानून जमावड़ा और हमला करने के मामले में भी उसे घोषित भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था।

लंबे समय से फरारी काट रहा था सचिन चौधरी

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पानीपत में हुई एक डकैती के मामले में भी वांटेड चल रहा था। लंबे समय से फरार चल रहे सचिन चौधरी की तलाश कई एजेंसियां कर रही थीं। दिल्ली पुलिस अब आरोपी से गोगी गैंग के नेटवर्क, उसके सहयोगियों और हालिया आपराधिक गतिविधियों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। इस पूछताछ में गोगी गैंग के नेटवर्क को लेकर अहम खुलासे हो सकते हैं।

क्या है गोगी गैंग?

बता दें कि एक समय जितेंद्र गोगी दिल्ली-एनसीआर हरियाणा के इलाके का बड़ा गैंगस्टर था। उसी के नाम पर उसके आपराधिक गिरोह का नाम गोगी गैंग पड़ा। यह गैंग रंगादारी, हत्या, जमीन कब्जा, अवैध वसूली की गतिविधियों में लिप्त रहा। गोगी गैंग की दुश्मनी टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से थी। दोनों के बीच कई वर्षों तक गैंगवार चला जिसमें कई अपराधी मारे गए। सितंबर 2021 में रोहिणी कोर्ट में पेशी के दौरान हमलावरों ने जितेंद्र गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमलावर वकील के वेश में कोर्ट परिसर में पहुंचे थे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m