DPL 2026: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में एक ऐसा रोमांचक और अनोखा नजारा देखने को मिला, जिसने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया। आउटर दिल्ली वॉरियर्स और नई दिल्ली टाइगर्स के बीच खेले गए मुकाबले में आखिरी गेंद पर हुए एक असामान्य रन आउट ने मैच का रुख बदल दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को 15-15 ओवर का कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए नई दिल्ली टाइगर्स ने निर्धारित 15 ओवर में 156 रन बनाए। डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति के तहत आउटर दिल्ली वॉरियर्स को भी 156 रन का लक्ष्य मिला।

आखिरी गेंद पर बदला मैच का पूरा समीकरण

लक्ष्य का पीछा करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 14.4 ओवर में 155 रन बना लिए थे। पांचवीं गेंद पर सिद्धार्थ शर्मा के आउट होने के बाद टीम को जीत के लिए आखिरी गेंद पर सिर्फ एक रन की जरूरत थी।

आखिरी गेंद पर बल्लेबाज रन लेने दौड़े तो नॉन-स्ट्राइकर एंड पर रन आउट का मौका बना। नई दिल्ली टाइगर्स के खिलाड़ी हिम्मत सिंह गेंद को ठीक से पकड़ नहीं पाए और आसान रन आउट का मौका हाथ से निकलता दिखा। इसी दौरान उन्होंने निराशा में गेंद को पैर से लात मार दी। हैरानी की बात यह रही कि गेंद सीधे स्टंप्स से जा टकराई और बल्लेबाज क्रीज से बाहर होने के कारण रन आउट हो गया।

मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और दर्शक कुछ पल के लिए इस घटना को समझ ही नहीं पाए। अंपायर ने बल्लेबाज को रन आउट करार दिया और मुकाबला टाई हो गया, जिसके बाद विजेता का फैसला सुपर ओवर से हुआ।

देखते ही देखते वायरल हुआ वीडियो

इस अनोखे रन आउट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हिम्मत सिंह पहले रन आउट का मौका चूकने पर निराश नजर आते हैं, लेकिन गेंद के स्टंप्स से टकराते ही उनके चेहरे की मायूसी खुशी में बदल जाती है। वहीं नई दिल्ली टाइगर्स के खिलाड़ी भी इस अप्रत्याशित रन आउट के बाद जश्न मनाने लगते हैं।

देखें वायरल VIDEO

सुपर ओवर में आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने मारी बाजी

सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स की शुरुआत खराब रही और पहली ही गेंद पर यजस शर्मा आउट हो गए। इसके बाद मोनू शुक्ला ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अगली पांच गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से 20 रन बटोर लिए। इस तरह टीम ने सुपर ओवर में 21 रन का लक्ष्य खड़ा किया।

जवाब में नई दिल्ली टाइगर्स की ओर से हिम्मत सिंह ने पहली गेंद पर छक्का जरूर लगाया, लेकिन अगली दो गेंदों पर लगातार दो विकेट गिर गए। सुपर ओवर के नियम के अनुसार दो विकेट गिरते ही पारी समाप्त हो गई और आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने 14 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H