प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के लोक सेवा में 25 साल पूरे होने के अवसर पर बुधवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में भाजपा की ओर से ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मद्देनजर बुधवार सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी, जबकि जरूरत के अनुसार डायवर्जन भी लागू किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें और संभावित प्रभावित मार्गों से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

आवाजाही पर पाबंदियां लागू

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक आवाजाही पर पाबंदियां रहेंगी। ये प्रतिबंध इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर के आसपास लागू किए जाएंगे। यहां दिल्ली भाजपा की ओर से मुख्य ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्लीभर के संगठनात्मक मंडलों से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुलूस भी स्टेडियम पहुंचेंगे। इसे देखते हुए कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

इन सड़कों पर जाने से बचें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान यातायात की स्थिति और परिचालन जरूरतों को देखते हुए बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर इन मार्गों पर यातायात को डायवर्ट भी किया जाएगा।

इन सड़कों पर भी ट्रैफिक पाबंदियां

इसके अलावा रिंग रोड पर शांति वन क्रॉसिंग-राजघाट-भैरों मार्ग, गीता कॉलोनी फ्लाईओवर, आईपी फ्लाईओवर और सलीमगढ़ बाईपास पर भी यातायात प्रभावित रहेगा। डब्ल्यू-पॉइंट-दिल्ली गेट तथा जेएलएन मार्ग पर दिल्ली गेट से राजघाट के बीच के हिस्से में भी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।

इन मार्गों पर भी यातायात रहेगा प्रभावित

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, राजघाट-किसान घाट/पावर हाउस रोड, आईपी मार्ग और विकास मार्ग समेत कई अन्य सड़कों पर भी यातायात प्रभावित रहेगा। परिचालन जरूरतों को देखते हुए सचिवालय रोड और वेलोड्रोम रोड पर सुबह 6 बजे से किसी भी तरह के यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रदर्शन के कारण जाम से जूझे लोग

इससे एक दिन पहले मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसदों के प्रदर्शन के चलते दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। कांग्रेस नेताओं और प्रदर्शनकारियों ने आकाशवाणी परिसर में करीब नौ घंटे तक धरना दिया। प्रदर्शन के कारण कई इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जंतर-मंतर, संसद मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को छोटी दूरी के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ा। पुलिस की ओर से की गई बैरिकेडिंग के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी जाती रही।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m