गाजियाबाद. दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन के दौरान कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. समाजवादी पार्टी ने दावा किया कि वीडियो में मारपीट करते दिख रहे कुछ लोगों की तस्वीरें लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के साथ भी सामने आई हैं. सपा के इस आरोप पर विधायक ने वीडियो बयान जारी कर अखिलेश यादव पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि किसी के साथ तस्वीर खिंचवाने भर से किसी घटना में उसकी भूमिका साबित नहीं होती.

इसे भी पढ़ें- मां ब्रह्मचारिणी का तप, मातृशक्ति का सामर्थ्य… योगी ने बताया कैसे सशक्त हो रहीं यूपी की महिलाएं

अखिलेश यादव पर विधायक का पलटवार

नंदकिशोर गुर्जर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें पहले अपना राजनीतिक इतिहास देखना चाहिए. विधायक ने माफिया मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद के साथ अखिलेश की तस्वीरों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनके साथ रोजाना हजारों लोग तस्वीरें खिंचवाते हैं. इसलिए केवल फोटो के आधार पर किसी व्यक्ति को घटना से जोड़ना उचित नहीं है.

‘युवक खुद को भीड़ से बचा रहे थे’

विधायक ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों का बचाव करते हुए दावा किया कि वे खुद को भीड़ से बचाने की कोशिश कर रहे थे. उनके मुताबिक, वहां स्थिति मॉब लिंचिंग जैसी बन गई थी और युवकों को लातें मारी जा रही थीं. उन्होंने दावा किया कि युवकों ने आत्मरक्षा में हाथ उठाया.

सपा ने तस्वीरें साझा कर उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर आरोप लगाया कि मारपीट के मामले में सामने आए कुछ लोगों की तस्वीरें भाजपा विधायक के साथ हैं. इस आरोप के बाद मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया. विधायक ने तस्वीरों के आधार पर उनकी भूमिका पर सवाल उठाने को गलत बताया है.

इसे भी पढ़ें- दो बच्चों की मां से संबंध! वाराणसी में डिलीवरी बॉय का फंदे से लटका मिला शव

हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष ने भी किया दावा

मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने दावा किया था कि वीडियो में दिख रहे लोग उनके संगठन के कार्यकर्ता हैं. उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के लोगों को सबक सिखाने की बात भी कही थी. उनके इस बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया है. फिलहाल, घटना को लेकर सपा और भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी जारी है.