लखनऊ. उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की पहल गिनाई है. उन्होंने मिशन शक्ति, सेफ सिटी परियोजना, महिला बीट पुलिसिंग और महिला PAC बटालियनों का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 10 हजार से बढ़कर 44 हजार से ज्यादा हो गई है.

योगी ने एक्स पर लिखा कि ‘मां ब्रह्मचारिणी के तप और संकल्प से सिद्धि का मंत्र हमें सिखाता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी सिद्ध किए जा सकते हैं. वर्ष 2017 से पहले महिला सुरक्षा को लेकर सवालों से घिरा रहने वाला उत्तर प्रदेश, आज नारी शक्ति के सुरक्षा और सामर्थ्य की नई पहचान बना है’

इसे भी पढ़ें : नवरात्रि में मां पाटेश्वरी के दरबार पहुंचे योगी, किसानों को वितरित किए कृषि यंत्र, बेटियों को किया सम्मानित

सीएम ने आगे लिखा ‘विगत 9.5 वर्षों में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति, तकनीक आधारित निगरानी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जन-जागरूकता अभियानों ने प्रदेश में महिलाओं के लिए भयमुक्त वातावरण के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाई है. मिशन शक्ति के पांच चरणों, सेफ सिटी परियोजना, मिशन शक्ति केंद्रों और महिला बीट पुलिसिंग जैसी पहलों ने महिला सुरक्षा के तंत्र को व्यापक और सुदृढ़ आधार प्रदान किया है.’

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा ‘20% आरक्षण के साथ उत्तर प्रदेश महिला पुलिस कार्यबल 10,000 से बढ़कर 44,000 से अधिक हुआ है. साथ ही, लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी, गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी और बदायूं में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के नाम पर स्थापित 3 महिला PAC बटालियनों का भी गठन हुआ है. प्रदेश की डबल इंजन सरकार की नारी शक्ति की सुरक्षा से सशक्तीकरण की यह अहर्निश यात्रा ‘सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार कर रही है. जय माता की.’