काजल,हिसार। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल से कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। बैठक में संगठन के विस्तार, अधिवक्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और लीगल डिपार्टमेंट को जिला एवं ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
संगठन विस्तार पर हुई चर्चा
बैठक में कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने अपनी टीम के साथ शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेशभर में लीगल डिपार्टमेंट को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने, जिला एवं ब्लॉक स्तर तक संगठन का विस्तार करने तथा अधिवक्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
साथ ही संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित से जुड़े कानूनी मुद्दों पर पार्टी की भूमिका को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
अधिवक्ता समाज लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ: संजय दत्त
प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल ने लीगल डिपार्टमेंट की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज संविधान, लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने पदाधिकारियों से अधिक से अधिक अधिवक्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
हर जिले और ब्लॉक तक होगा विस्तार
प्रदेश चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल और स्टेट मीडिया कॉर्डिनेटर एडवोकेट बजरंग इंदल ने कहा कि कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट को हरियाणा के प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर तक सक्रिय किया जाएगा। अधिवक्ताओं की भागीदारी बढ़ाकर संविधान, लोकतंत्र और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी मोर्चे पर संगठन को और प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में हरियाणा कांग्रेस का लीगल डिपार्टमेंट नई ऊर्जा और मजबूती के साथ कार्य करेगा।
ये रहे मौजूद
बैठक में लीगल डिपार्टमेंट के स्टेट मीडिया कॉर्डिनेटर एडवोकेट बजरंग इंदल, प्रदेश महासचिव एडवोकेट कमलजीत दहिया, एडवोकेट राजेंद्र बांगड़, जगदीश बिश्नोई सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

