देवरिया. उत्तर प्रदेश के देवरिया में मंगलवार (20 अक्टूबर 2026) देर रात दर्दनाक हादसा हो गया. भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में एक झोपड़ी में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में बुजुर्ग बालकिशुन, उनके दामाद जितेंद्र प्रसाद और तीन साल का नाती शनि शामिल हैं. हादसे में बालकिशुन की बेटी लीला गंभीर रूप से झुलस गई हैं. उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather: यूपी में आज बारिश का अलर्ट नहीं, साफ रहेगा मौसम; सुबह-रात बढ़ेगी ठंडक

दशहरा मनाकर सोया था परिवार

जानकारी के मुताबिक, परिवार दशहरा मनाकर घर लौटा था. खाना खाने के बाद सभी सो गए. रात करीब दो बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. परिवार के लोगों की नींद खुली, तब तक आग की लपटें चारों ओर फैल चुकी थीं. उन्हें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला.

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की

झोपड़ी से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने पानी डालकर आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की. किसी तरह लीला को बाहर निकाला गया. बालकिशुन, जितेंद्र और शनि आग में बुरी तरह झुलस गए. आग इतनी भीषण थी कि झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई.

तीन लोगों की मौत, लीला की हालत गंभीर

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. परिवार के लोगों को अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने बालकिशुन (56), जितेंद्र प्रसाद (32) और शनि (3) को मृत घोषित कर दिया. लीला (30) करीब 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गई हैं. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

इसे भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में जेब में रखा मोबाइल फटा, बाइक से गिरकर युवक की मौत

दूसरी झोपड़ी में सो रहा था बेटा

बालकिशुन का बेटा रतन परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पास की दूसरी झोपड़ी में सो रहा था. आग की लपटें देखकर वह घटनास्थल की ओर दौड़ा. उसके मुताबिक, पिता, बहन, बहनोई और भांजा एक ही झोपड़ी में सो रहे थे. आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.