मुजफ्फरनगर. उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मोबाइल फोन फटने से एक युवक की मौत हो गई. युवक बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान उसकी शर्ट की जेब में रखा मोबाइल तेज धमाके के साथ फट गया. इससे वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है.
इसे भी पढ़ें- बाराबंकी में दुर्गा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की पिटाई, वीडियो वायरल होने पर दारोगा लाइन हाजिर
मामा के घर से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव निवासी 40 वर्षीय विकास पुत्र जोगेंद्र सिंह के रूप में हुई है. सोमवार को वह अपनी मां कमलेश को शाहपुर क्षेत्र के नरोत्तमपुर माजरा गांव में अपने मामा के घर छोड़ने गया था. शाम को वह बाइक से वापस लौट रहा था. इसी दौरान मुजफ्फरनगर के खालापार थाना क्षेत्र में बहलना चौक के पास यह हादसा हो गया.
धमाके के बाद बाइक से गिरा युवक
बताया गया कि विकास की शर्ट की जेब में रखा मोबाइल अचानक तेज आवाज के साथ फट गया. घटना इतनी अचानक हुई कि वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका. वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने विकास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया. परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. हालत गंभीर होने पर उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शव घर पहुंचने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई.
इसे भी पढ़ें- बिजनौर में जयमाला के दौरान विवाद, दूल्हे के भाई की सूजा घोंपकर हत्या; बारातियों पर पथराव
शुगर मिल में सुपरवाइजर था विकास
विकास खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में सुपरवाइजर के पद पर काम करता था. उसकी मौत से गांव में शोक है. जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल और सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान ने घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी. विकास अपने पीछे माता-पिता, पत्नी दीपा, छह साल की बेटी दृष्टि, तीन साल के बेटे रियांश और बहन सपना को छोड़ गया है. मोबाइल फटने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. घटना ने मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

