बाराबंकी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से मारपीट का मामला सामने आया है. देवा-चिनहट मार्ग पर रेत नदी घाट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें माती थाने में तैनात दरोगा बीके शर्मा श्रद्धालुओं को थप्पड़ और लात मारते नजर आ रहे हैं. मामला सामने आने के बाद एसपी रवीना त्यागी ने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है. साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.
इसे भी पढ़ें- बिजनौर में जयमाला के दौरान विवाद, दूल्हे के भाई की सूजा घोंपकर हत्या; बारातियों पर पथराव
20 सेकेंड के वीडियो में दिखी मारपीट
बताया जा रहा है कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद श्रद्धालु नदी से बाहर निकल रहे थे. इसी दौरान दारोगा और कुछ श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि इसके बाद दारोगा ने पानी से बाहर आ रहे श्रद्धालुओं को थप्पड़ और लात मारी. वहां मौजूद एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया. करीब 20 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
विसर्जन के दौरान क्या हुआ?
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु देवा इलाके में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे थे. वीडियो में पुलिसकर्मी का कथित व्यवहार सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया. हालांकि, विवाद किस बात पर शुरू हुआ और घटना की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसकी आधिकारिक जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी.
बजरंग दल ने कार्रवाई की मांग की
वीडियो सामने आने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया. उन्होंने आरोपी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और प्रदर्शन की चेतावनी दी. कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मी के कथित व्यवहार पर नाराजगी जताई.
इसे भी पढ़ें- गोंडा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 4 की मौत; कई की तलाश जारी
एसपी ने दरोगा को किया लाइन हाजिर
मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी रवीना त्यागी ने दारोगा बीके शर्मा(विष्णु शर्मा) को लाइन हाजिर कर दिया. सीओ सिटी संगम कुमार को जांच सौंपी गई है. विभागीय जांच में घटना की परिस्थितियों और पुलिसकर्मी की भूमिका की पड़ताल की जाएगी. जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

