कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी बयान बाजी अपने चरम पर हैं। एनडीए के नेता लगातार बीजेपी के प्रत्याशी नीरज सिन्हा के जीत का दावा कर रहे हैं। इस बीच जदयू के वरिष्ठ नेता और डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि, यह हमारी सीटिंग सीट है। मैदान में प्रशांत किशोर हो या कोई और इससे फर्क नहीं पड़ता है।

एनडीए पूरी तरह से एकजुट- डिप्टी सीएम

वहीं, जब उनसे यह पूछा गया कि कई दल के नेता अपने पार्टी का दामन छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। कल राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने भी राजद के सभी पदों से अपना इस्तीफा दे दिया। इसपर डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने काह कि, किसी के पार्टी में क्या हो रहा है? इससे हमको कोई मतलब नहीं है। एनडीए पूरी तरह से एकजुट है।

तेजस्वी के गायब रहने पर कसा तंज

साथ ही बिजेंद्र प्रसाद यादव ने यह दावा किया कि राज्य सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं है। कोई कहता है खजाना खाली है, तो वो गलत है। डिप्टी सीएम ने सवाल उठाते हुए पूछा कि कोई आदमी बताए जिन्हें वेतन नहीं मिला है? इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि, वो राजनीति को लेकर कितना सक्रिय रहते हैं? वो जनता जानती है। चुनाव ही क्या वो तो हाउस में भी गायब रहते हैं।

जन सुराज के तीन नेता बीजेपी में शामिल

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर को बीजेपी ने बड़ा झटका दिया है। दरअलस बीते 15 जुलाई बुधवार को जनसुराज के तीन बड़े नेता बिट्टू सिंह, केसी सिन्हा और गोपाल सिंह ने पार्टी का साथ छोड़ते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नेताओं को सदस्यता दिलाई और पार्टी में उनका स्वागत किया। इसमें से गणितज्ञ केसी सिन्हा प्रसांत किशोर के काफी करीबी माने जाते थे।

राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने दिया इस्तीफा

वहीं, कल गुरुवार की देर शाम राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी में अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिलने की बात कही। बांकीपुर चुनाव के बीच यह राजद के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। वहीं, उपचुनाव को लेकर जब सभी दल अपने-अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव कहां है? इस बात की किसी को सही जानकारी ही नहीं है। मीडिया में उनके यूरोप जाने की खबरें चल रही हैं। ऐसे में उनके नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

30 जुलाई को होना है मतदान

गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, जिसके लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा, जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद की रेखा गुप्ता समेत 57 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिसमें से नामांकन पत्र जांच के बाद जजद की वीणा मानवी समेत 18 उम्मीदवारों का पर्चा खारिज कर दिया गया है। ऐसे में अब बचे 39 प्रत्याशियों के बीच बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला होगा। बता दें कि चुनाव का परिणाम 3 अगस्त को सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- NEET Result 2026: बिहार के आयुष भालोटिया ने हासिल की AIR-4, CM सम्राट चौधरी ने दी बधाई