महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय राजनीति में जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कर दिया है कि वह महाराष्ट्र की राजनीति में ही सक्रिय रहेंगे। पिछले कुछ दिनों से उनके दिल्ली दौरे के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाए जाने की चर्चाएं तेज थीं। हालांकि, फडणवीस ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
महाराष्ट्र में ही रहेंगे देवेंद्र फडणवीस
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “मैं कल दिल्ली से नागपुर आया, आज नागपुर में हूं और शाम को मुंबई जाऊंगा। मैं महाराष्ट्र में हूं और महाराष्ट्र में ही रहूंगा।” उनके इस बयान से स्पष्ट हो गया है कि फिलहाल वह केंद्र की राजनीति में जाने के बजाय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
राज-उद्धव की रैली पर फडणवीस का तंज
शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की ओर से मुंबई में आयोजित जश्न रैली को लेकर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें जश्न मनाने का कोई न कोई मौका मिल गया है, जो अच्छी बात है।
छात्रों से जुड़े मुद्दों पर फडणवीस ने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि पूरे देश का मुद्दा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों की समस्याओं को लेकर बेहद संवेदनशील हैं।
पेपर लीक पर सख्त कानून लाने की तैयारी
फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही एक महत्वपूर्ण विधेयक ला सकती है, जिसमें पेपर लीक जैसे मामलों में कड़ी कार्रवाई का प्रावधान होगा। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सख्त कानून बनाने को प्रतिबद्ध है।
संजय राउत ने फडणवीस को लेकर किया दावा
इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में प्रह्लाद जोशी की नियुक्ति को “अस्थायी व्यवस्था” बताया। राउत ने दावा किया कि केंद्र सरकार स्थायी शिक्षा मंत्री की तलाश कर रही है और इस पद के लिए देवेंद्र फडणवीस के नाम पर भी विचार हो सकता है। हालांकि, फडणवीस के ताजा बयान से इन अटकलों पर फिलहाल पूर्ण विराम लग गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


