संजय पाटीदार, भोपाल/धर्मेंद्र योगी, खातेगांव। मध्य प्रदेश में शराब माफियाओं के हौसले बुलंद है। देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने गए थाना प्रभारी (TI) को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला देवास के खातेगांव का बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, अवैध शराब तस्करी की सूचना पर खातेगांव टीआई दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ नेमावर रोड इंदौर-बैतूल हाईवे पहुंचे थे। इसी दौरान शराब से भरे आयशर ट्रक ने टीआई को कुचल दिया। गाड़ी का पिछला पहिया उन पर चढ़ गया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दिलीप पुरी के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई थी और काफी खून बह गया था।

ये भी पढ़ें: नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: ISBT में DRI ने 2 तस्करों को दबोचा, 3.45 करोड़ की ड्रग्स बरामद

इसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां करीब दो घंटे तक इलाज और सीपीआर के बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आपको बता दें कि खातेगांव टीआई रहे दिलीप पुरी 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। टीआई बनने के बाद इंदौर के हीरा नगर, चंदन नगर थाना में भी पदस्थ रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m