शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब माफियाओं द्वारा टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर की गई निर्मम हत्या का मामला अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर भोपाल तक की सियासत को गरमा चुका है। इस घटना को लेकर जहां एक तरफ कांग्रेस नेताओं पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी ने भी पलटवार करते हुए तीखा रुख अपनाया है। मामले में नाम सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने वीडियो जारी कर सफाई दी है, जबकि कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने बीजेपी के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है।

मेरा शराब कारोबार से कोई लेना-देना नहीं

देवास शराब कांड में नाम सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने खुद पर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। राहुल जायसवाल ने स्पष्ट किया कि उनका अवैध शराब के कारोबार या किसी भी शराब कांड से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। उनके पास शराब को लेकर कोई लाइसेंस भी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य व्यवसाय ट्रैवल्स और पेट्रोल पंप का है। सोशल मीडिया और राजनीतिक बयानों के जरिए उनके ऊपर बेबुनियाद और गलत आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है।

मध्यप्रदेश

शहीद टीआई मामले में सरकार का बड़ा फैसलाः पत्नी को सब-इंस्पेक्टर पद पर अनुकंपा नियुक्ति, सीएम ने दी जानकारी

मुकेश नायक का पलटवार- हमारा कोई ठेका नहीं

दूसरी ओर, भोपाल में कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने इस पूरे मामले पर बीजेपी के हमलों का तीखा जवाब दिया है।मुकेश नायक ने दो टूक कहा कि इस मामले में चाहे किसी का भी नाम आ रहा हो, सरकार को बिना किसी लिहाज के उस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि, “यदि हमारी पार्टी का भी कोई व्यक्ति संलिप्त है और उसने गलत काम किया है, तो उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। हमने ऐसे लोगों का कोई ठेका लेकर नहीं रखा है।

जगदीश देवड़ा और बीजेपी पर निशाना

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा की सरपरस्ती में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है, जिसके कारण आज अधिकारी और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग खुद अवैध शराब के काले कारोबार में लिप्त हैं और अपने पापों पर पर्दा डालने के लिए अब कांग्रेस पर झूठे आरोप मढ़ रहे हैं। खातेगांव टीआई हत्याकांड के बाद पुलिस जांच के साथ-साथ इस मामले में राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग भी चरम पर पहुँच चुकी है, जिससे यह मामला और अधिक संवेदनशील बन गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m