रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के डही थाना क्षेत्र में कथित तौर पर धड़ल्ले से चल रहे जुआ और सट्टे के कारोबार को लेकर अब सियासी घमासान छिड़ गया है। कुक्षी विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह ‘हनी’ बघेल ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए सीधे DGP, मुख्यमंत्री और कलेक्टर को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही विधायक ने कथित अवैध गतिविधियों के वीडियो साक्ष्य भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए हैं।
गरीब और आदिवासी परिवार हो रहे प्रभावित
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल का आरोप है कि डही के बकरा बाजार से लेकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक अवैध जुआ-सट्टा का नेटवर्क फैला हुआ है। इसका सबसे बुरा असर स्थानीय गरीब, मजदूर और आदिवासी परिवारों पर पड़ रहा है, जो इस दलदल में फंसकर आर्थिक रूप से बर्बाद हो रहे हैं।
पुलिस की भूमिका और कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
विधायक बघेल ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए डही थाना प्रभारी दिलीप तड़ंवला की भूमिका की जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अवैध गतिविधियों के स्पष्ट वीडियो साक्ष्य सामने मौजूद हैं, तब भी कार्रवाई न होना पुलिस की घोर उदासीनता या फिर कथित संरक्षण की ओर इशारा करता है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी बेहद जरूरी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



