कुंदन कुमार, पटना। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने हाल ही में विभिन्न मुद्दों पर बेबाक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हड़ताल पर गए कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देने के साथ-साथ राज्य की राजनीति, अग्निवीर योजना और विपक्ष के हमलों पर खुलकर अपनी बात रखी है।

​हड़ताली राजस्व कर्मचारियों और अमीन पर एक्शन

​मंत्री दिलीप जायसवाल ने स्पष्ट किया कि जो राजस्व कर्मचारी और अमीन हड़ताल पर अड़े हुए थे, उन्हें तुरंत प्रभाव से हटाने का आदेश जारी कर दिया गया है। सरकार ने उनके डोंगल भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।
​उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की तकलीफ नहीं होने दी जाएगी और सरकार का कामकाज किसी भी हालत में रुकने नहीं दिया जाएगा। विभाग अब वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में दूसरे राजस्व कर्मचारियों से कार्य संपादित करा रहा है। मंत्री ने बताया कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही थी, लेकिन बार-बार आग्रह के बावजूद जब कर्मचारी नहीं माने, तो सरकार को यह कड़ा कदम उठाना पड़ा।

​एनडीए में ऑल इज वेल

​मुख्यमंत्री द्वारा बुलाई गई एनडीए की उच्चस्तरीय बैठक को लेकर मंत्री ने कहा कि यह एक सामान्य रूटीन बैठक है, जिसमें विभिन्न विकासशील मुद्दों और समसामयिक विषयों पर चर्चा की जाती है।
​जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच किसी भी तरह के मतभेद या मनमुटाव की खबरों को खारिज करते हुए उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। मंत्री ने कहा कि कुछ लोग सिर्फ सरकार बनाने के हसीन ख्वाब देख रहे हैं, लेकिन इससे जमीनी हकीकत पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और हम सब ‘पांच पांडव’ की तरह मजबूती से साथ खड़े हैं।

​अग्निवीर योजना पर बड़ा बयान

​केंद्र सरकार द्वारा अग्निवीर सेवा का दायरा और विस्तार किए जाने पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह अग्निवीर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अग्निवीर है और यही हमारे प्रधानमंत्री की स्पेशल फोर्स है। इस बयान से उन्होंने युवाओं के बीच इस योजना के महत्व और प्रभाव को रेखांकित किया।

​तेजस्वी यादव के मधुबनी दौरे पर पलटवार

​नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा मधुबनी की घटना पर विरोध प्रदर्शन करने और वहां जाने के ऐलान पर मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव अपने परिवार से भी कुछ सीख लें।
​मंत्री ने सवाल किया कि क्या सरकार ने किसी पुलिसकर्मी या दरोगा को गोली चलाने का आदेश दिया था? अपराध करने वाला कोई भी हो, पुलिस कानून के तहत सख्त कार्रवाई कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारियां भी हो रही हैं। उन्होंने सलाह दी कि ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीति करने से पहले तेजस्वी यादव को पूरी और सही जानकारी जुटा लेनी चाहिए।