पंजाबी पॉप स्टार दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर शुक्रवार को दिल्ली में सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। लोधी रोड स्थित जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कॉन्सर्ट में हजारों प्रशंसकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आसपास की 11 से अधिक प्रमुख सड़कों पर दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित मार्गों से बचने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। पुलिस ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक का दबाव

कॉन्सर्ट के चलते भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी एवेन्यू रोड, पांचवीं एवेन्यू रोड, CGO कॉम्प्लेक्स और JLN स्टेडियम के अंदरूनी रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा बारापुला फ्लाईओवर, INA से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन तक का मार्ग, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी के अंदरूनी रास्तों पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

इन 8 जगहों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

1. लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज रोड: इस मार्ग पर सीधी आवाजाही बंद रहेगी। वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा। हालांकि, लोधी फ्लाईओवर रेड लाइट और अरबिंदो मार्ग के बीच सीधा रास्ता खुला रहेगा।

2. लाला लाजपत राय मार्ग: JLN स्टेडियम की तरफ वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यहां से आने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

3. सिप रोड (लाला लाजपत राय मार्ग): सूचना भवन की तरफ जाने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा।

4. भीष्म पितामह मार्ग: JLN स्टेडियम रेड लाइट से गेट नंबर-1 और कोटला मुबारकपुर की तरफ वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें मेहरचंद मार्केट और लोधी कॉलोनी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

5. कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट: स्टेडियम के गेट नंबर-3, 4, 5, 6 और 7 की तरफ वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहनों को चौथी एवेन्यू रोड से लोधी रोड और INA से अरबिंदो मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

6. लोधी कॉलोनी रोड: पांचवीं एवेन्यू रोड से भीष्म पितामह मार्ग की ओर जाने पर प्रतिबंध रहेगा। वाहन लोधी रोड और चौथी एवेन्यू रोड से जोर बाग रोड की ओर जा सकेंगे।

7. कोटला मुबारकपुर रेड लाइट: जरूरत पड़ने पर यहां अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया जाएगा। वाहनों को वर्मा मार्ग से लाला लाजपत राय मार्ग और यू-टर्न लेकर रिंग रोड की तरफ भेजा जाएगा।

8. भीष्म पितामह-लोधी रोड टी-पॉइंट: अतिरिक्त डायवर्जन की स्थिति में वाहनों को आर्च बिशप मार्ग, लोधी फ्लाईओवर और मदरसा अरबिंदो मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।

मेट्रो से सफर करने की अपील

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों से सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। स्टेडियम के आसपास भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए निजी वाहनों से आने से बचने की सलाह दी गई है।

वायलेट और येलो लाइन से पहुंच सकेंगे दर्शक

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों को मेट्रो के जरिए स्टेडियम पहुंचने के लिए दो प्रमुख विकल्प बताए हैं।

वायलेट लाइन: यात्री JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं। यहां से स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पैदल पहुंचा जा सकता है।

येलो लाइन: यात्री INA मेट्रो स्टेशन पर उतरकर कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट तक कैब या ऑटो से पहुंच सकते हैं। यहां से स्टेडियम के गेट नंबर 3, 6 और 8 नजदीक पड़ेंगे।

पिकअप और ड्रॉप के लिए तय किए गए 3 स्थान

कॉन्सर्ट में आने वाले दर्शकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने तीन पिकअप और ड्रॉप पॉइंट निर्धारित किए हैं।

आर्च बिशप मार्ग: स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 पर जाने वाले दर्शकों के लिए।

लाल मस्जिद-प्रगति विहार: गेट नंबर 13, 14 और 17 के लिए निर्धारित।

कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट: गेट नंबर 3, 6 और 8 पर जाने वाले दर्शकों के लिए।

पुलिस ने कैब और ऑटो चालकों से भी निर्धारित स्थानों पर ही यात्रियों को उतारने और बैठाने की अपील की है, ताकि सड़कों पर अनावश्यक जाम न लगे।

एम्बुलेंस और इमरजेंसी सेवाओं को मिलेगी प्राथमिकता

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कॉन्सर्ट के दौरान एम्बुलेंस और मेडिकल इमरजेंसी वाहनों की आवाजाही के लिए विशेष कॉरिडोर खुला रखा जाएगा। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में मरीजों और चिकित्सा सेवाओं को बिना किसी बाधा के रास्ता उपलब्ध कराना है।

112 और 1095 पर कर सकते हैं शिकायत

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सड़क किनारे वाहन पार्क नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने के लिए 112 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, यातायात से संबंधित सहायता और शिकायत के लिए 1095 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m