सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी की मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी और जमीनों की खरीद-फरोख्त के मामलों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोगों की आस्था, श्रद्धा और विश्वास के साथ विश्वासघात किया है.
डिंपल यादव ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आया है. उनके मुताबिक, यह मुद्दा अब जन-जन तक पहुंच चुका है और लोग इससे आहत हैं. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आया. उन्होंने अयोध्या में जमीनों की खरीद-फरोख्त और कथित घोटालों का भी जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने इन मामलों को भी उजागर किया था. डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरे मामले में लीपापोती करती रही.
इसे भी पढ़ें : 20 हजार अभी लो, 30 वोट देने के बाद! योगी सरकार महिलाओं के खाते में पैसे डालने की कर रही तैयारी, अखिलेश यादव ने बताया जुमला
सपा सांसद ने दिल्ली में छात्रों और नौजवानों के प्रदर्शन का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों-नौजवानों पर लाठीचार्ज किया गया, पैलेट गन और आंसू गैस का इस्तेमाल हुआ और कील लगी लाठियों से भी हमला किया गया. उन्होंने कहा कि अभी भी बेटियों को धमकियां मिल रही हैं.
डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी चढ़ावा चोरी के मामले को लगातार उठाती रहेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग इस मुद्दे पर इसलिए बात नहीं करते क्योंकि अयोध्या में चढ़ावा चोरी और जमीनों की खरीद-फरोख्त के मामलों में भाजपा के लोगों की कथित संलिप्तता है. उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी ने विपक्षी दलों के साथ संसद भवन के बाहर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर प्रदर्शन किया और केंद्रीय गृहमंत्री तथा सरकार से जवाब मांगा. डिंपल यादव के अनुसार, संसद परिसर में प्रदर्शन के दौरान चंदा भी एकत्र किया गया, जिससे कुल 2,15,490 रुपये जुटाए गए. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश और देश की जनता भाजपा की कथित अन्यायी सरकार को सत्ता से हटाएगी.


