सतीश सिंह, लखनऊ. दिल्ली में चल रहे सीजेपी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज और सांसद डिंपल यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया. समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने छात्र सभा के कार्यकर्ताओं, महिला कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन कर अपना रोष व्यक्त किया.
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया. सपा नेताओं का कहना है कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों पर बल प्रयोग किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता.
इसे भी पढ़ें : जौहर यूनिवर्सिटी और सोनम वांगचुक के समर्थन में सपा का प्रदर्शन, पुलिस हिरासत में कार्यकर्ता
सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि सांसद डिंपल यादव को हिरासत में लिया जाना और प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है और इस अधिकार का हनन नहीं होने दिया जाएगा.
प्रदर्शन में छात्र सभा के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी देखने को मिली. कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर दिल्ली की घटना के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार से विपक्षी नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग की. इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को बसों में भर कर इको गार्डन भिजवा दिया.


