न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 11 (बैंक टोला) में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। रात में खाना परोसने में हुई मामूली देरी के विवाद में शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अगले ही दिन पति ने पुलिस कार्रवाई और जेल जाने के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शराब के नशे में हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय धन सिंह उरेती (मूल निवासी सरईटोला गिरारी, वर्तमान निवासी बैंक टोला) मजदूरी का काम करता था। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात धन सिंह अत्यधिक शराब के नशे में घर लौटा। खाना मिलने में हुई देरी को लेकर उसका पत्नी पार्वती बाई से विवाद हो गया। गुस्साए धन सिंह ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी के चेहरे पर वार कर दिए, जिससे उसके बाएं गाल और कान के पास दो गहरे घाव आए और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
गंभीर हालत में महिला जिला अस्पताल में भर्ती
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी सुमन सिंह मौके पर पहुंचे और घायल पार्वती बाई को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस केस दर्ज होने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
घटना की सूचना मिलते ही अमरकंटक थाना पुलिस ने देर रात ही आरोपी धन सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (296, 115(2), 118(1), 351) के तहत मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी के भय से धन सिंह बेहद तनाव में आ गया। 19 अगस्त की दोपहर जब उसकी बेटी घर पहुंची, तो उसने पिता को फांसी के फंदे पर लटका पाया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

