मिर्जापुर. पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ बनाने के बाद शुक्रवार को पहली बार मिर्जापुर के दौरे पर निकलेंगी. इस दौरान वह हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम में दर्शन-पूजन करेंगी. इसके बाद लहुरियादह गांव पहुंचकर लोगों से मुलाकात करेंगी. यहां वह 78 साल की दूइजी देवी से भी मिलेंगी. दूइजी देवी इन दिनों अस्वस्थ हैं.

दिव्या मित्तल जब मिर्जापुर की जिलाधिकारी थीं, तब उन्होंने लहुरियादह गांव में पानी पहुंचाने की पहल की थी. अब राजनीतिक पारी शुरू करने के बाद वह एक बार फिर इस गांव में पहुंच रही हैं. उनके दौरे को लेकर स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हैं.

इसे भी पढ़ें- यूपी पंचायत चुनाव पर फिर संकट! सुप्रीम कोर्ट जाएगा प्रधानों का संगठन

गड़बड़ा धाम में करेंगी दर्शन-पूजन

दिव्या मित्तल का कार्यक्रम दोपहर में हलिया स्थित गड़बड़ा धाम पहुंचने का है. यहां वह दर्शन-पूजन करेंगी. इसके बाद दोपहर करीब 3:30 बजे लहुरियादह गांव जाएंगी. यहां लोगों से बातचीत करेंगी और दूइजी देवी का हालचाल जानेंगी.

रात में तीन रामलीला कार्यक्रमों में होंगी शामिल

दिव्या मित्तल रात में कई रामलीला कार्यक्रमों में भी शामिल होंगी. रात करीब 9:30 बजे वह चील्ह क्षेत्र के गड़गेड़ी का बंगला स्थित श्री बजरंग रामलीला समिति के आयोजन में पहुंचेंगी. इसके बाद रात 9:45 बजे कमासिन, मदनपट्टी में श्री रामायण प्रचारिणी नाट्य कला समिति के कार्यक्रम में शामिल होंगी. कोल्हुआ की रामलीला कमेटी के आयोजन में पहुंचने का कार्यक्रम भी तय है.

2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान

दिव्या मित्तल ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को अपनी राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ बनाने का ऐलान किया था. उन्होंने फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर बताया कि वह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिर्जापुर सदर सीट से चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार बनी तो पांच साल तक जनता की राय के अनुसार काम किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- ‘बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में भी सत्ता परिवर्तन…’ राजनाथ सिंह का राहुल गांधी पर हमला

इस्तीफा मंजूर होने के बाद राजनीति में कदम

2013 बैच की IAS अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को इस्तीफा दिया था. उस समय वह राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं. 14 सितंबर को उनका इस्तीफा मंजूर हो गया. इससे पहले 30 सितंबर को उन्होंने राजनीति में आने का संकेत दिया था. उन्होंने कहा था कि वह उत्तर प्रदेश में रहकर सवाल उठाएंगी और किसी दूसरी पार्टी से नहीं जुड़ेंगी. अब ‘जननीति भारत’ के जरिए उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी शुरू कर दी है.