फेस्टिव सीजन में खाने-पीने से दूरी बनाना किसी चुनौती से कम नहीं होता। खासकर दिवाली के मौके पर घर में तरह-तरह के पकवान, मिठाइयां और नमकीन बनाए जाते हैं। वहीं, दोस्तों और रिश्तेदारों के घर दावतों का सिलसिला भी चलता रहता है। ऐसे में खुद को स्वादिष्ट खाने से रोक पाना मुश्किल हो जाता है। कई बार स्वाद के चक्कर में लोग अपनी भूख से ज्यादा खा लेते हैं। इसका असर न केवल पाचन पर पड़ता है, बल्कि वजन बढ़ने की चिंता भी सताने लगती है।

हालांकि, दिवाली पर स्वाद और सेहत के बीच संतुलन बनाना बिल्कुल मुश्किल नहीं है। इसके लिए आपको अपने पसंदीदा पकवानों से दूरी बनाने या मिठाइयां खाने पर पूरी तरह रोक लगाने की जरूरत नहीं है। बस खाने के तरीके और मात्रा का थोड़ा ध्यान रखना होगा। अगर आप भी इस दिवाली बिना किसी गिल्ट के अपने पसंदीदा पकवानों का आनंद लेना चाहते हैं, तो इन आसान टिप्स को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं।

खाना खाने से पहले न करें भूखे रहने की गलती

अक्सर लोग दिवाली की पार्टी या दावत में जमकर खाने के लिए दिनभर कुछ नहीं खाते। उन्हें लगता है कि ऐसा करने से वे पार्टी में ज्यादा चीजें खा पाएंगे और कैलोरी का संतुलन भी बना रहेगा। लेकिन यह आदत उलटी पड़ सकती है। लंबे समय तक भूखे रहने से बहुत ज्यादा भूख लगती है और खाना सामने आते ही व्यक्ति जरूरत से ज्यादा खाने लगता है।

इससे बचने के लिए दिनभर समय पर भोजन करें। सुबह का नाश्ता और दोपहर का खाना बिल्कुल न छोड़ें। अगर शाम को किसी पार्टी में जाना है, तो उससे पहले फल, दही, सलाद या मुट्ठी भर नट्स खा सकते हैं। इससे भूख नियंत्रित रहेगी और आप पार्टी में भी सोच-समझकर खाना चुन पाएंगे।

छोटी प्लेट में लें अपनी पसंद का खाना

दिवाली पर खाने की मेज पर कई तरह के पकवान रखे होते हैं।ऐसे में हर चीज का स्वाद लेने के चक्कर में लोग बड़ी प्लेट भर लेते हैं। कई बार भूख खत्म होने के बाद भी प्लेट में रखा खाना पूरा करने के लिए खाते रहते हैं। इससे अनजाने में जरूरत से ज़्यादा कैलोरी शरीर में पहुंच जाती है।इस आदत को बदलने के लिए छोटी प्लेट का इस्तेमाल करें।अपनी पसंद के पकवानों की थोड़ी-थोड़ी मात्रा लें। इससे आप अलग -अलग चीजों का स्वाद भी ले पाएंगे और खाने की मात्रा परभी नियंत्रण रहेगा। अगर किसी डिश का स्वाद पसंद आ जाए, तो तुरंत दोबारा लेने के बजाय कुछ देर रुकें और देखें कि वास्तव में भूख बाकी है या नहीं।

मिठाइयों से न बनाएं दूरी, मात्रा का रखें ध्यान

दिवाली और मिठाइयों का रिश्ता काफी पुराना है। इस त्योहारपर लड्डू, बर्फी, काजू कतली, गुलाब जामुन और रसगुल्ले जैसीमिठाइयां खाने का अलग ही मजा है। लेकिन वजन बढ़ने के डरसे कई लोग मिठाइयों को पूरी तरह छोड़ देते हैं। वहीं कुछ लोग स्वाद के चक्कर में एक के बाद एक कई मिठाइयां खा लेते हैं।दोनों ही स्थितियों से बचना बेहतर है। मिठाइयों को अपनी डाइट से पूरी तरह हटाने की जरूरत नहीं है। आप अपनी पसंद कीमिठाई चुनें और उसकी छोटी मात्रा का आनंद लें। एक साथ कई तरह की मिठाइयां खाने के बजाय किसी एक या दो पसंदीदा विकल्पों को प्राथमिकता दें। साथ ही, मिठाई खाने के बाद बार-बार मीठा खाने से बचें। इससे स्वाद का आनंद भी मिलेगा औरअतिरिक्त कैलोरी लेने से भी बच सकेंगे।

खाने के बाद टहलने और पानी पीने की आदत डालें

फेस्टिव सीजन में खानपान के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियोंका ध्यान रखना भी जरूरी है। दिवाली की तैयारियों और पार्टियों के बीच अक्सर लोग एक्सरसाइज करना छोड़ देते हैं। कई बारदेर रात तक जागने और भारी भोजन करने की वजह से भी दिनचर्या बिगड़ जाती है। ऐसे में शरीर की गतिविधियां कम होनेसे वजन को नियंत्रित रखना मुश्किल हो सकता है।

इसलिए त्योहार के दौरान भी रोजाना कुछ समय शारीरिक गतिविधियों के लिए जरूर निकालें। खाना खाने के बाद 10-15मिनट की हल्की वॉक कर सकते हैं। इसके अलावा दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें। कई बार प्यास को लोग भूख समझ लेते हैंऔर बेवजह कुछ न कुछ खाते रहते हैं। पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है और पाचन को भी सहारा मिलता है। हालांकि,भोजन के तुरंत बाद बहुत तेज एक्सरसाइज करने से बचें।

दिवाली पर स्वाद के साथ सेहत का भी रखें ख्याल

दिवाली खुशियों, मेल-मिलाप और स्वादिष्ट पकवानों का त्योहारहै। ऐसे में वजन बढ़ने के डर से अपनी पसंद की चीजों को खाने से पूरी तरह बचना जरूरी नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ संतुलित खानपान और थोड़ी सावधानी की। खाने की मात्रा पर ध्यान दें,भोजन न छोड़ें, मिठाइयों का सीमित आनंद लें और रोजाना थोड़ी शारीरिक गतिविधि जरूर करें।

ध्यान रखें वजन में बदलाव केवल एक दिन के खानपान से तय नहीं होता, बल्कि लंबे समय तक खानपान, शारीरिक गतिविधि,नींद और जीवनशैली का इसमें योगदान होता है। इसलिए दिवाली का आनंद लें, लेकिन अपने शरीर की भूख और जरूरतों को समझते हुए खाएं। इस तरह आप त्योहार का मजा भी ले पायेंगे और सेहत का ख्याल भी रख सकेंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H