FIFA World Cup 2026 Final: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। लेकिन मैच के बाद आयोजित ट्रॉफी वितरण समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी जीत से ज्यादा चर्चा का विषय बन गई।

ट्रॉफी समारोह के दौरान डोनाल्ड ट्रंप फीफा अध्यक्ष जियानी इनफैनटिनो के साथ मंच पर पहुंचे। दोनों ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों तथा सपोर्ट स्टाफ को मेडल पहनाए। इसके बाद ट्रंप ने स्पेन के कप्तान रोड्री को विश्व कप ट्रॉफी सौंपी।

हालांकि, ट्रॉफी सौंपने के बाद भी ट्रंप मंच से नहीं हटे। उस समय स्पेनिश खिलाड़ी अपनी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने और ट्रॉफी उठाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन ट्रंप खिलाड़ियों के बीच ही खड़े रहे। कुछ देर बाद समारोह में मौजूद जियानी इनफैनटिनो और अधिकारियों ने उन्हें मंच से हटने का इशारा किया। इसके बाद वह पीछे हटे और फिर स्पेन के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी उठाकर अपनी जीत का जश्न मनाया।
समारोह के दौरान की यह घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स ने ट्रंप के मंच पर बने रहने को लेकर मजेदार मीम्स और टिप्पणियां साझा कीं, जबकि कुछ लोगों ने इसे ट्रॉफी समारोह के प्रोटोकॉल के खिलाफ बताया। हालांकि, इस मामले पर आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी डोनाल्ड ट्रंप फीफा क्लब वर्ल्ड कप के फाइनल के दौरान सुर्खियों में रहे थे। उस मुकाबले में चेल्सी को ट्रॉफी देने के बाद भी वह खिलाड़ियों के साथ मंच पर खड़े नजर आए थे। इस बार भी वैसी ही स्थिति देखने को मिली, हालांकि अधिकारियों के संकेत के बाद उन्होंने मंच छोड़ दिया।
मैच की बात करें तो स्पेन ने अतिरिक्त समय में फेरान टोरेस के 106वें मिनट में किए गए निर्णायक गोल की बदौलत अर्जेंटीना को 1-0 से मात दी और अपने इतिहास का दूसरा फीफा विश्व कप खिताब जीत लिया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


