राजधानी दिल्ली के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दिल्ली कौशल और उद्यमिता विश्वविद्यालय (DSEU) के कर्मचारी 25 वर्षीय साहिल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। साहिल अपने परिवार के साथ बुराड़ी की तोमर कॉलोनी में रहता था। उसके पिता एमसीडी में सेनेटरी इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। परिवार पहले आजादपुर स्थित एमसीडी कॉलोनी में रहता था और कुछ समय पहले ही बुराड़ी शिफ्ट हुआ था।

झगड़ा छुड़ाने गया था साहिल, बन गया हमले का शिकार

जानकारी के मुताबिक साहिल ऑफिस से निकलने के बाद अपने दोस्तों से मिलने आजादपुर एमसीडी कॉलोनी पहुंचा था। इसी दौरान वहां दो गुटों के बीच विवाद और मारपीट चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार साहिल बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहा था, तभी एक पक्ष के युवक ने उस पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आशु नामक युवक ने साहिल के गले पर चाकू से वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि साहिल के गले से तेज़ी से खून बहने लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए।

घायल साहिल को उसके दोस्त तत्काल विनायक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटनास्थल से बरामद हुआ हत्या में इस्तेमाल चाकू

मामले की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच के दौरान कुछ दूरी पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया।

CCTV फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में एक फुटेज सामने आई है, जिसमें आरोपी आशु वारदात के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर चाकू फेंककर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की गई है।

कई लोग हिरासत में, गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद किन लोगों के बीच हुआ था और हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m