पश्चिम बंगाल में TMC की करार हार और बीजेपी की सरकार बनने के बाद ममता बनर्जी की पार्टी की हालत खराब नजर आ रही है. बीते 20 दिन के भीतर ही पार्टी में इस्तीफों की बाढ़ आ गई है. पूरी पार्टी इस वक्त उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है. ताजा मामला अभिषेक बनर्जी पर हमले का है. सोनारपुर में लोगों ने उनपर अंडों और पत्थरों से हमला कर दिया था. इस हमले में वे किसी तरह जान बचाने में कामयाब हुए थे. उन पर हुए इतने बड़े हमले के बाद बीजेपी सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव परिणामों को देखते हुए आपको (अभिषेक बनर्जी) स्थिति को समझ जाना चाहिए था. क्यों आप हीरो बनने के लिए वहां गए?

यह जनता के भीतर का यह रोष है

भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता दिलीप घोष ने अपने बयान में आगे कहा कि, पिछले कई वर्षों से जनता विभिन्न समस्याओं और परेशानियों का सामना कर रही है, जिसके कारण लोगों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ा है. उन्होंने कहा कि जनता के भीतर का यह रोष किसी न किसी रूप में सामने आना स्वाभाविक है. साथ ही उन्होंने अभिषेक बनर्जी को चुनावी नतीजों के बाद राजनीतिक परिस्थितियों को समझने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें ऐसे कदमों से बचना चाहिए था, जिनसे विवाद की स्थिति पैदा हो.

हालांकि, भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता दिलीप घोष ने स्पष्ट रूप से कहा कि हिंसा या हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.

TMC प्रवक्ता ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर खड़े किये सवाल

इधर टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर सवाल उठाए हैं. कुणाण घोष की नाराजगी इस बात पर है कि इतने बड़े मामले के बावजूद TMC के कई सांसदों, विधायकों, पार्षदों की ओर से कोई रिएक्शन नहीं दिखाई दिया.

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक, प्रवक्ता और राज्य महासचिव कुणाल घोष ने अभिषेक बनर्जी पर हुए बड़े हमले को लेकर अपनी ही पार्टी के कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को अभिषेक बनर्जी के समर्थन में और हमले के विरोध में पोस्ट करते देखा, लेकिन टीएमसी के कई सांसदों, विधायकों, पार्षदों, पदाधिकारियों और पूर्व पदाधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नजर नहीं आई.

‘अगर राज्य में TMC की सरकार होती तो…’

कुणाल घोष ने कहा कि अगर राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार होती तो इन्हीं लोगों का रवैया और बयानबाजी पूरी तरह अलग होती. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब यह समझना मुश्किल नहीं है कि किन लोगों ने पार्टी के मंच का इस्तेमाल अपने निजी हितों के लिए किया और बाद में किनारा कर लिया. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “दादा, अनुयायी, बॉस, वीडियो और सेल्फी की राजनीति करने वाले लोगों का बड़ा वर्ग आज कहां है?” उनके इस बयान को पार्टी के भीतर नाराजगी और असंतोष के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

पुलिस ने किया है पांच लोगों को गिरफ्तार

बता दें कि, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले में बंगाल पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. हमला करने के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पांचों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि ये सभी स्थानीय लोग हैं, जिन्होंने सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी की यात्रा के दौरान उनका विरोध किया और उनसे गाली-गलौज की. वहीं, अभिषेक बनर्जी के कथित हमले के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m